Sheikhpura Pending Recovery Cases : शेखपुरा समाहरणालय के मंथन सभागार में जिला पदाधिकारी शेखर आनंद की अध्यक्षता में जिला नीलामपत्रवाद की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में जिले के अंतर्गत लंबित बकाया वसूली मामलों, निष्पादन की स्थिति तथा वारंट तामिला की प्रगति का विस्तार से जायजा लिया गया.
पुराने मामलों के निष्पादन और वारंट तामिला के निर्देश
जिला पदाधिकारी ने समीक्षा के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि बकायेदारों पर सख्ती बरतते हुए पुराने नीलामपत्र मुकदमों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए.
उन्होंने कहा कि वारंट तामिला कराने पर सभी थानाध्यक्षों को कार्रवाई में तेजी लाने और त्वरित तामिला कराने का सख्त निर्देश दिया गया है, साथ ही बड़े बकायेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया है.
सप्ताह में दो दिन कोर्ट संचालित करने का आदेश
सभी नीलामपत्रवाद पदाधिकारियों को निष्पादन की गति बढ़ाने के उद्देश्य से यह निर्देश दिया गया कि सभी संबंधित पदाधिकारी सप्ताह में अनिवार्य रूप से दो दिन कोर्ट संचालित करें. कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की व्यावहारिक समस्या आने पर विभागीय पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित समाधान निकालने को कहा गया है.
बैठक में उपस्थित प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में अपर समाहर्ता, जिला लोक एवं अनुमंडल शिकायत निवारण पदाधिकारी, भू-अर्जन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, वरीय उपसमाहर्ता सह जिला गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला विकास पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, समस्त जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी तथा जिले के सभी थानाध्यक्ष उपस्थित थे.
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने कड़ी चेतावनी देते हुए ताकीद किया कि राजस्व वसूली और विधिक प्रक्रियाओं में किसी भी स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
