शेखपुरा को मिली 50 करोड़ की सौगात, सम्राट चौधरी बोले- गांव-गांव तक पहुंचेगा सहयोग शिविर

Sheikhpura News : बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को बरबीघा प्रखंड के सामस बुजुर्ग गांव में आयोजित सहयोग शिविर में हिस्सा लेते हुए शेखपुरा जिले को कई बड़ी विकास योजनाओं की सौगात दी. इस दौरान उन्होंने करीब 50 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया.

Sheikhpura News : (रंजीत कुमार) बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को बरबीघा प्रखंड के सामस बुजुर्ग गांव में आयोजित सहयोग शिविर में हिस्सा लेते हुए शेखपुरा जिले को कई बड़ी विकास योजनाओं की सौगात दी. इस दौरान उन्होंने करीब 50 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. साथ ही घोषणा की कि आने वाले दिनों में सहयोग शिविर को गांव-गांव और नगर-नगर तक पहुंचाया जाएगा.

35 करोड़ की लागत से बनेगा चेवाड़ा प्रखंड मुख्यालय

कार्यक्रम में सम्राट चौधरी ने 35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले चेवाड़ा प्रखंड मुख्यालय भवन का शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार शेखपुरा को आधुनिक जिलों की श्रेणी में शामिल करने के लिए लगातार कार्य कर रही है.

शेखपुरा-बरबीघा के बीच बनेगी आधुनिक टाउनशिप

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शेखपुरा और बरबीघा के बीच आधुनिक टाउनशिप विकसित की जाएगी. इससे क्षेत्र में शहरी सुविधाओं का विस्तार होगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.

अगली बार मेडिकल कॉलेज का करेंगे शिलान्यास

सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि अगली बार शेखपुरा दौरे के दौरान मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में सरकार लगातार बड़े कदम उठा रही है.

विष्णुधाम मंदिर के विकास के लिए खुलेगा खजाना

उन्होंने सामस स्थित प्रसिद्ध विष्णुधाम मंदिर के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास के लिए हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया. कहा कि सरकार धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है.

सीएम ऑफिस रखेगा सहयोग शिविर पर सीधी नजर

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सहयोग शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों और उनके निष्पादन की निगरानी सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय करेगा. किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

लाभुकों को मौके पर मिला योजनाओं का लाभ

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया गया. वहीं लाभुकों को शौचालय योजना, स्वास्थ्य बीमा कार्ड, राशन कार्ड सहित कई सरकारी योजनाओं के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए.

सरकारी आवास किसी की बपौती नहीं

अपने संबोधन में सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकारी आवास किसी की निजी संपत्ति नहीं है. जनता जिसे सेवा का अवसर देती है, उसे ही वहां रहने का अधिकार मिलता है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद उन्होंने सरकारी आवास को ‘लोक सेवक आवास’ का नाम दिया था.

अपराधियों को 48 घंटे में सिखाया जाएगा सबक

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में कानून का राज कायम रहेगा. सरकार और कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ 48 घंटे के भीतर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि अपराधियों की कोई जाति नहीं होती और कानून सभी के लिए समान है.

नेताओं और अधिकारियों ने किया स्वागत

कार्यक्रम में जदयू विधायक रणधीर कुमार सोनी, विधायक डॉ. पुष्पांजय, भाजपा जिलाध्यक्ष रेशमा भारती, राज्यसभा सांसद शंभू शरण पटेल, समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता, जिला परिषद अध्यक्ष निर्मल सिंह, डीएम शेखर आनंद समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे. सभी ने उपमुख्यमंत्री का बुके और माला पहनाकर स्वागत किया.

सहयोग शिविर बना आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया. विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर लोगों ने अपनी समस्याएं और आवेदन प्रस्तुत किए, जिनके त्वरित समाधान का प्रयास किया गया. सहयोग शिविर को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Singh

विवेक सिंह माता सीता की धरती और मिथिला का द्वार कहे जाने वाले समस्तीपुर जिले से आते हैं. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. इससे पहले #The_Newsdharma के साथ डिजिटल मीडिया, ग्राउंड रिपोर्टिंग , और न्यूज़ लेखन के क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव रहा है. सामाजिक, राजनीतिक, शिक्षा, युवा, महिला सुरक्षा और जनता से जुड़े मुद्दों पर विशेष रुचि रखते हैं. सरल, तथ्यात्मक और प्रभावी लेखन शैली के माध्यम से पाठकों तक महत्वपूर्ण खबरें और मुद्दे पहुंचाने का निरंतर प्रयास करते हैं. NGO अमर शहीद बिपिन सिंह फाउंडेशन के साथ जुड़कर सामाजिक, स्वास्थ्य, पर्यावरण ,रोजगार और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर भी कार्य करने का अनुभव हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >