शेखपुरा अरियरी में मनरेगा घोटाले में अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधियों की डीएम ने पकड़ी बड़ी गड़बड़ी

Sheikhpura News : शेखपुरा जिले के अरियरी प्रखंड में मनरेगा योजना में चल रहे कथित खेल का बड़ा खुलासा हुआ है. जिला पदाधिकारी शेखर आनंद के औचक निरीक्षण में मनरेगा अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों की मिलीभगत से हो रही अनियमितताओं की पोल खुल गई

Sheikhpura News : (रंजीत कुमार) शेखपुरा जिले के अरियरी प्रखंड में मनरेगा योजना में चल रहे कथित खेल का बड़ा खुलासा हुआ है. जिला पदाधिकारी शेखर आनंद के औचक निरीक्षण में मनरेगा अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों की मिलीभगत से हो रही अनियमितताओं की पोल खुल गई. निरीक्षण के दौरान कई गंभीर गड़बड़ियां सामने आने के बाद डीएम ने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई और कार्रवाई के निर्देश दिए.

मजदूरों के पास नहीं मिले जॉब कार्ड

डीएम सबसे पहले डीहा पंचायत के फरपर गांव पहुंचे, जहां मनरेगा कार्यों का निरीक्षण किया गया. मौके पर मजदूरों के पास जॉब कार्ड नहीं मिलने और उपस्थिति पंजी में गड़बड़ी पाए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताई. इस दौरान ग्रामीणों ने वार्ड संख्या 1, 2 और 3 में हर घर नल-जल योजना के तहत पानी आपूर्ति बंद रहने की शिकायत भी की. डीएम ने जल्द शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया.

NMMS ऐप में फर्जी उपस्थिति का मामला आया सामने

इसके बाद कमालपुर मौजा में निरीक्षण के दौरान बड़ा खुलासा हुआ. डीएम ने पाया कि एनएमएमएस ऐप पर जिन मजदूरों की उपस्थिति दर्ज थी, वे कार्यस्थल पर मौजूद ही नहीं थे. उनकी जगह अन्य लोग काम कर रहे थे. इसे गंभीर वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितता मानते हुए डीएम ने संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया. साथ ही सभी कार्यों में जियो-टैगिंग फोटो अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने का आदेश दिया.

किसान पंजीकरण में भी मिली भारी गड़बड़ी

रामपुर मौजा में किसान पंजीकरण कार्य की समीक्षा के दौरान भी कई खामियां सामने आईं. किसानों के नाम और जमीन की रसीद में बड़े पैमाने पर त्रुटियां पाई गईं. इस पर डीएम ने किसान समन्वयक को प्रतिदिन कम से कम 10 मामलों में सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

निरीक्षण से मचा हड़कंप

डीएम के औचक निरीक्षण से पूरे प्रखंड प्रशासन में हड़कंप मच गया. निरीक्षण के दौरान कई जिला और प्रखंड स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे. प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब संबंधित कर्मियों और पंचायत प्रतिनिधियों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है.

Also Read : नवादा में दर्दनाक सड़क हादसा, आमने-सामने बाइक टक्कर में युवक की मौत, दो गंभीर घायल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Singh

विवेक सिंह माता सीता की धरती और मिथिला का द्वार कहे जाने वाले समस्तीपुर जिले से आते हैं. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. इससे पहले #The_Newsdharma के साथ डिजिटल मीडिया, ग्राउंड रिपोर्टिंग , और न्यूज़ लेखन के क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव रहा है. सामाजिक, राजनीतिक, शिक्षा, युवा, महिला सुरक्षा और जनता से जुड़े मुद्दों पर विशेष रुचि रखते हैं. सरल, तथ्यात्मक और प्रभावी लेखन शैली के माध्यम से पाठकों तक महत्वपूर्ण खबरें और मुद्दे पहुंचाने का निरंतर प्रयास करते हैं. NGO अमर शहीद बिपिन सिंह फाउंडेशन के साथ जुड़कर सामाजिक, स्वास्थ्य, पर्यावरण ,रोजगार और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर भी कार्य करने का अनुभव हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >