कृषि मंत्री का शेखपुरा में एलान, 30 जून तक 86 लाख किसानों को पोर्टल से जोड़ेगी सरकार,जैविक खेती से बढ़ेगी आय

Sheikhpura News: बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शेखपुरा के संजय गांधी स्मारक महिला महाविद्यालय में आयोजित एक समारोह के दौरान बताया कि राज्य की डबल इंजन सरकार विकसित बिहार के लक्ष्य की ओर अग्रसर है. उन्होंने कहा कि एग्री एटेक अभियान के तहत अब तक 47 लाख किसानों का निबंधन हो चुका है और 30 जून तक 86 लाख किसानों के रजिस्ट्रेशन का लक्ष्य है. पोर्टल पर निबंधन के बाद किसानों को उचित दर पर खाद, बीज और मुआवजा मिलेगा. कार्यक्रम में कॉलेज तदर्थ समिति के अध्यक्ष अंजेश कुमार और सचिव आशुतोष कुमार ने मंत्री का स्वागत किया, जहाँ सीनेट सदस्य प्रोफेसर रामाधार शर्मा को भी सम्मानित किया गया.

Sheikhpura News(सत्येन्द्र कुमार): बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सूबे की डबल इंजन सरकार विकसित बिहार और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की ओर तेजी से अग्रसर है. सरकार का मुख्य फोकस किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भूमि विवादों को हमेशा के लिए समाप्त करना है. कृषि और राजस्व विभाग मिलकर इस दिशा में एक साझा और विशेष रणनीति के तहत काम कर रहे हैं.

कृषि मंत्री ने यह बातें जिला मुख्यालय स्थित एकमात्र महिला शिक्षण संस्थान संजय गांधी स्मारक महिला महाविद्यालय में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कहीं.

एग्री एटेक अभियान: 47 लाख का हुआ रजिस्ट्रेशन, 30 जून तक बड़ा टारगेट

कृषि मंत्री ने अपने विभाग की प्राथमिकताओं और डिजिटल योजनाओं का खाका खींचते हुए दो बेहद महत्वपूर्ण लक्ष्य साझा किए हैं. विभाग द्वारा चलाए जा रहे ‘एग्री एटेक अभियान’ के तहत अब तक बिहार के 47 लाख किसानों का ऑनलाइन पोर्टल पर सफल निबंधन (रजिस्ट्रेशन) किया जा चुका है. वहीं सरकार ने आगामी 30 जून तक इस अभियान के तहत कुल 86 लाख किसानों को पोर्टल से जोड़ने का एक बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है. पोर्टल पर रजिस्टर्ड होते ही किसानों को सरकार की ओर से उचित दर पर खाद-बीज, फसल क्षति मुआवजा और अन्य सब्सिडी सीधे उनके बैंक खातों में मिलने लगेगी, जो किसानों की आमदनी को दुगना करने के सरकारी लक्ष्य में मील का पत्थर साबित होगी.

कीटनाशक मुक्त होगी धरती, विदेशी बाजारों में बिकेंगे बिहार के उत्पाद

जैविक खेती और एक्सपोर्ट नीति पर जोर देते हुए कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि हमने धरती को रासायनिक खादों और घातक कीटनाशकों से पूरी तरह मुक्त करने के लिए ‘स्वस्थ भारत योजना’ के तहत प्राकृतिक और जैविक खेती की एक विस्तृत कार्य योजना तैयार की है. इसके अलावा, बाजार समितियों के माध्यम से बिहार के विभिन्न कृषि उत्पादों को अब विदेशों में एक्सपोर्ट किया जा रहा है, जिस पर सरकार किसानों और व्यापारियों को पर्याप्त अनुदान (सब्सिडी) भी दे रही है.

संजय गांधी महिला कॉलेज में हुआ जोरदार स्वागत, सेवानिवृत्त शिक्षक हुए सम्मानित

इससे पूर्व, संजय गांधी स्मारक महिला महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचने पर कृषि मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया गया. कॉलेज की तदर्थ समिति के अध्यक्ष अंजेश कुमार और सचिव आशुतोष कुमार के नेतृत्व में प्रोफेसर्स, कॉलेज शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने मंत्री को फूल-मालाओं से लाद दिया. इस समारोह के दौरान कृषि मंत्री ने कॉलेज के कई सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) शिक्षकों और कर्मचारियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. इसके साथ ही उन्होंने मुंगेर विश्वविद्यालय के नवनिर्वाचित सीनेट सदस्य प्रोफेसर रामाधार शर्मा को भी विशेष रूप से सम्मानित किया.

समारोह को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने इस प्रकार के आयोजनों की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मियों का सम्मान करने से समाज में उनकी सेवा की महत्ता का प्रदर्शन होता है और नई पीढ़ी को कार्य करने की ऊर्जा तथा विश्वास प्राप्त होता है. उन्होंने जिले में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने के लिए कॉलेज परिवार का आभार व्यक्त किया.

Also Read : नालंदा में आईटी हब बनने की तैयारी, बिहार में स्थापित होगा ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट को मिलेगा बढ़ावा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >