शेखपुरा में मंत्री श्रवण कुमार ने पीएम की सोना न खरीदने की अपील को सराहा, कहा: देशहित में विपक्ष न करे राजनीति

Sheikhpura News: बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने शनिवार को शेखपुरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस अपील का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने देशवासियों से सोना न खरीदने और पेट्रोल-डीजल बचाने को कहा है. मंत्री ने कहा कि देशहित के इस फैसले पर विपक्ष को राजनीति नहीं करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने बिहार में एनडीए सरकार के विकास कार्यों की सराहना भी की.

Sheikhpura News(रंजीत कुमार): बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार शनिवार को शेखपुरा पहुंचे. शेखपुरा बाईपास स्थित सर्किट हाउस पहुंचने पर एनडीए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया. इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से सोना न खरीदने और पेट्रोल-डीजल की खपत में कटौती करने की अपील का पुरजोर समर्थन किया.

पीएम की अपील का समर्थन, विपक्ष पर हमला

सर्किट हाउस में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह अपील देशहित में है और सभी को इसका पालन करना चाहिए. उन्होंने बताया कि इसी अपील को ध्यान में रखते हुए सभी मंत्री और अधिकारी अपनी गाड़ियों की संख्या में कटौती करने पर विचार कर रहे हैं ताकि ईंधन की बचत की जा सके. प्रधानमंत्री की अपील पर विपक्ष द्वारा की जा रही बयानबाजी को गलत ठहराते हुए मंत्री ने इतिहास याद दिलाया. उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी 1967 में देशवासियों से सोना न खरीदने की अपील की थी, तब विपक्ष को परेशानी नहीं हुई थी. आज देशहित के इस कदम पर राजनीति करना अनुचित है.

नीतीश कुमार के विकास कार्यों की तारीफ

मंत्री श्रवण कुमार ने बिहार की राजनीतिक स्थिति और विकास पर बात करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में विकास की जो लंबी लकीर खींच दी है, वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उसे जमीनी स्तर पर बेहद अच्छे तरीके से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं.

कार्यकर्ताओं से मुलाकात और जनसुनवाई

शनिवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने जाने के क्रम में मंत्री कुछ देर के लिए सर्किट हाउस में रुके थे. इस दौरान उन्होंने एनडीए के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और क्षेत्र की जनसमस्याएं भी सुनीं. मौके पर मौजूद अधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंत्री को बुके देकर सम्मानित किया. इस अवसर पर जदयू नेता डॉ. संतोष कुमार, भगवान कुशवाहा, निवास राय समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे.

Also Read: गोपालगंज में फायरिंग करने वाले 2 बदमाश गिरफ्तार, देशी पिस्टल और मोटरसाइकिल बरामद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >