शेखपुरा के हिमांशु का अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो ट्रायल के लिए चयन, 14-15 सितंबर को छत्तीसगढ़ में होगा आयोजन

Sheikhpura Himanshu Kumar Taekwondo : शेखपुरा के युवा ताइक्वांडो स्टार हिमांशु कुमार राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद अंतरराष्ट्रीय ट्रायल के लिए चुने गए हैं. छत्तीसगढ़ में 14-15 सितंबर को होने वाले इस ट्रायल में सफलता उन्हें रियो डी जनेरियो में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका दिला सकती है.

Sheikhpura Himanshu Kumar Taekwondo : शेखपुरा जिले के युवा ताइक्वांडो खिलाड़ी हिमांशु कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय मंच की ओर कदम बढ़ाया है. 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो ट्रायल के लिए किया गया है. अब उनकी नजर भारतीय टीम में जगह बनाने पर है.

14 और 15 सितंबर को छत्तीसगढ़ में ट्रायल

हिमांशु आगामी 14 और 15 सितंबर को छत्तीसगढ़ में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो ट्रायल में बिहार की ओर से हिस्सा लेंगे. वह अंडर-17 बालक वर्ग के अंडर-52 किलोग्राम भार वर्ग में अपनी दावेदारी पेश करेंगे. इस ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करना उनके लिए बेहद अहम होगा.

ट्रायल में सफल हुए तो रियो में दिखायेंगे दम

ट्रायल में सफल खिलाड़ियों को भारतीय टीम में शामिल किया जायेगा. चयनित खिलाड़ी 2 से 4 दिसंबर 2026 तक ब्राजील के रियो डी जेनरियो में होने वाली विद्यालय अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. ऐसे में हिमांशु के लिए छत्तीसगढ़ का ट्रायल अंतरराष्ट्रीय सफर की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है.

राष्ट्रीय कोच ने जतायी सफलता की उम्मीद

ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ शेखपुरा के सचिव-सह-राष्ट्रीय कोच कुन्दन कुमार ने बताया कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से जारी पत्र के माध्यम से हिमांशु के ट्रायल के लिए चयन की जानकारी मिली है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर हिमांशु को यह अवसर मिला है. उन्हें उम्मीद है कि वह ट्रायल में भी बेहतर प्रदर्शन कर भारतीय टीम में जगह बनायेंगे.

सीमित संसाधनों के बीच लगातार मेहनत

हिमांशु मठोकर गांव निवासी अनुरुद्ध कुमार और रेणु देवी के पुत्र हैं. वह हथियावा कॉलेज, शेखपुरा में कक्षा 11वीं के छात्र हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार अभ्यास और मेहनत के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनायी है. अब उनके प्रदर्शन पर पूरे जिले की नजर है.

जिले के खेलप्रेमियों में खुशी

हिमांशु के अंतरराष्ट्रीय ट्रायल के लिए चयन की खबर से जिले के खेलप्रेमियों और ताइक्वांडो संघ के पदाधिकारियों में खुशी है. सभी ने उन्हें ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन कर भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए शुभकामनाएं दी हैं. अगर हिमांशु ट्रायल में सफल होते हैं, तो दिसंबर में रियो डी जेनरियो में भारत का प्रतिनिधित्व करने का उनका सपना पूरा हो सकता है.

Also Read : शेखपुरा में बिजली मोटर चोर गिरोह का खुलासा, ग्रामीणों ने दो चोरों को पकड़ा, कबाड़खाना संचालक भी गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रंजीत कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >