Sheikhpura Heart Specialist OPD : हृदय संबंधी समस्याओं से जूझ रहे जिला वासियों को अब सदर अस्पताल में ही उनकी समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण समाधान मिल रहे हैं. पटना के जयप्रभा मेदांता सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमन प्रकाश बुधवार को सदर अस्पताल में ओपीडी सेवा प्रदान करने के लिए आ रहे हैं.
सदर अस्पताल के प्रबंधक धीरज कुमार ने बताया कि बुधवार सवेरे 10 बजे से अपराह्न 1 बजे तक कोई भी व्यक्ति हृदय संबंधी मामलों को लेकर डॉ. सुमन प्रकाश से जांच और परामर्श की सेवा प्राप्त कर सकते हैं.
जयप्रभा मेदांता हॉस्पिटल के साथ विशेष समझौता
उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल के जयप्रभा मेदांता हॉस्पिटल के साथ किए गए विशेष समझौते के तहत वहां से सुपर विशेषज्ञता प्राप्त चिकित्सक यहां आकर लोगों की समस्याओं के निदान का कार्य लंबे समय से करते आ रहे हैं. हृदय रोग को लेकर छोटे-छोटे अंतराल पर लगातार सदर अस्पताल में विशेष आयोजन किए जा रहे हैं, जिसका लाभ पहले भी यहां के लोग उठा चुके हैं.
विशेष मांग पर शिविरों का निरंतर आयोजन
लोगों की विशेष मांग पर इस प्रकार के शिविर का आयोजन लगातार किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि लोगों की जीवनशैली में बदलाव, जंक फूड के सेवन के साथ-साथ आउटडोर एक्टिविटी से दूर रहने के कारण बड़ी संख्या में लोग कोलेस्ट्रॉल और हृदय रोग की चपेट में आ रहे हैं.
प्रबंधन द्वारा लोगों से शिविर का लाभ उठाने की अपील
सदर अस्पताल प्रबंधन ने इस संबंध में जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में आकर जयप्रभा मेदांता सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सक की सेवा का लाभ लेने की अपील की है.
