Sheikhpura News : शेखपुरा में रविवार को विद्युत विभाग के सिविल कार्यपालक अभियंता अश्विनी चंद्रा ने पत्नी से विवाद के बाद कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. उनका शव शहर के कच्ची रोड स्थित किराये के मकान में छत के पंखे से लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है.
नौ महीने पहले हुई थी शेखपुरा में पोस्टिंग
मृतक अश्विनी चंद्रा समस्तीपुर जिले के हसनपुर गांव के रहने वाले थे. करीब नौ महीने पहले उनकी पोस्टिंग शेखपुरा में हुई थी. इसके बाद से वह शहर के कच्ची रोड स्थित किराये के मकान में रह रहे थे. रविवार को पत्नी से विवाद के बाद हुई इस घटना से आसपास के इलाके में भी सनसनी फैल गयी.
पत्नी ने बताया, सुबह हुआ था विवाद
मृतक की पत्नी पम्मी कुमारी के अनुसार, पति का उनके मायके और परिवार के अन्य सदस्यों से बातचीत करने और आने-जाने को लेकर अक्सर विवाद होता था. रविवार की सुबह भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ. पत्नी ने बताया कि सिगरेट पीने को लेकर भी विवाद हुआ और इसी दौरान उनके साथ मारपीट की गयी.
मोबाइल नहीं देने पर पुलिस को नहीं कर सकीं फोन
पत्नी के अनुसार, विवाद के दौरान उन्होंने मायके फोन करने के लिए मोबाइल मांगा, लेकिन मोबाइल देने से मना कर दिया गया. इसके बाद उन्होंने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना देने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल नहीं मिलने के कारण फोन नहीं कर सकीं. विवाद से परेशान होकर वह अपना सामान बैग में रखकर मायके जाने लगीं. इस दौरान पति ने तीन वर्षीय पुत्र अथर चंद्रा को घर में ही छोड़कर जाने की बात कही.
सड़क पर गोलगप्पा विक्रेता से मांगा मोबाइल
पत्नी ने बताया कि वह पुलिस बुलाने की बात कहकर किराये के मकान से निकल गयीं. सड़क पर गोलगप्पा बेचने वाले एक युवक से मोबाइल मांगकर 112 नंबर डायल किया, लेकिन व्यस्त होने के कारण बात नहीं हो सकी. इसके बाद वह टाउन थाना पहुंचीं और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी.
घर का दरवाजा तोड़ा तो पंखे से लटका मिला शव
पत्नी के साथ पुलिस जब किराये के मकान पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था. पुलिस ने किसी तरह दरवाजा तोड़ा. अंदर जाने पर कार्यपालक अभियंता का शव छत के पंखे से लटका मिला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
फॉरेंसिक जांच के बाद पोस्टमार्टम की तैयारी
टाउन थाना के अपर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार दास ने बताया कि घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गयी है. घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि घटना के मुख्य कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चला है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है.
