शेखपुरा में पेट्रोल पंप पर लूट, कर्मी से मारपीट कर हथियारबंद बदमाशों ने 2 लाख लूटे, CCTV भी तोड़ा

Sheikhpura Petrol Pump Robbery : शेखपुरा जिले में हुई एक सनसनीखेज वारदात में हथियारबंद बदमाशों ने एक पेट्रोल पंप पर धावा बोल दिया. उन्होंने न केवल ₹2 लाख से अधिक की नकदी लूटी, बल्कि एक कर्मचारी की बेरहमी से पिटाई भी की और साक्ष्य मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए.

Sheikhpura Petrol Pump Robbery : बिहार के शेखपुरा जिले से एक आपराधिक घटना सामने आई है.बरबीघा-शेखपुरा मुख्य मार्ग पर माउर गांव के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर शुक्रवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया. इन अपराधियों ने पंप के एक कर्मचारी की बेरहमी से पिटाई की और कैश काउंटर से करीब दो लाख रुपये लूट लिए. साक्ष्य मिटाने के लिए बदमाशों ने सीसीटीवी और डीवीआर भी तोड़ दिए हैं.

बरबीघा में पेट्रोल पंप पर हथियार के साथ पहुंचे थे बदमाश

जानकारी अनुसार शुक्रवार की रात बरबीघा-शेखपुरा मुख्य मार्ग पर माउर गांव के समीप स्थित चंदेश्वर एंड संस फिलिंग स्टेशन पर यह वारदात हुई. दो वाहनों पर सवार होकर करीब 10 बदमाश पेट्रोल पंप पर पहुंचे. इनमें से तीन से अधिक बदमाशों के हाथों में हथियार थे.

सीएनजी कर्मचारी से मारपीट और नकद लूट

हथियारबंद बदमाश सीधे पेट्रोल पंप के परिसर में घुस गए. उन्होंने वहां सीएनजी सेक्शन में काम कर रहे एक कर्मचारी के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान अपराधियों ने कैश काउंटर पर धावा बोला और वहां रखे दो लाख रुपये से अधिक की नकदी लूट ली.

साक्ष्य मिटाने के लिए सीसीटीवी और डीवीआर तोड़े

लूटपाट की इस घटना को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने पुलिस से बचने की भी कोशिश की. अपनी पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने की नीयत से उन्होंने पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर और मॉनिटर सहित अन्य उपकरणों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया.

लूटपाट और तोड़फोड़ से 10 लाख का भारी नुकसान

इस खौफनाक घटना के बाद पेट्रोल पंप संचालक पंकज कुमार उर्फ पप्पू सिंह ने बरबीघा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. संचालक के अनुसार नकद लूट के अलावा बदमाशों द्वारा की गई इस भीषण तोड़फोड़ से पंप पर करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. संचालक ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की भी गुहार लगाई है.

एफआईआर में तीन आरोपियों के नाम शामिल

पुलिस को दिए गए आवेदन के आधार पर मामले की एफआईआर दर्ज कर ली गई है. इस प्राथमिकी में मुख्य रूप से प्रवीण कुमार (ग्राम बढ़िया, थाना सरमेरा, वर्तमान पता शिवपुरी मोहल्ला), विपुल कुमार (ग्राम कुटौत, थाना बरबीघा) और ऋतुराज (ग्राम कुसेढ़ी, थाना बरबीघा) सहित अन्य अज्ञात लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है.

एएसपी ने किया घटनास्थल का मुआयना

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी डॉक्टर राकेश कुमार खुद घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन की. उन्होंने घटना की पुष्टि करते हुए साफ शब्दों में कहा कि इस वारदात में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.

Also Read : शेखपुरा जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में 321 वकीलों ने किया मतदान, 12 पदों के लिए 31 प्रत्याशी मैदान में


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Umesh Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >