Jawahar Navodaya Vidyalaya Art Competition : शेखपुरा के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में पटना संकुल के विद्यालयों की दो दिवसीय संकुल स्तरीय कला प्रतियोगिता बुधवार देर शाम संपन्न हुई. प्रतियोगिता में 20 जवाहर नवोदय विद्यालयों के 400 से अधिक प्रतिभागियों ने विभिन्न शास्त्रीय और लोक विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई. नाटक, शास्त्रीय नृत्य और लोक नृत्य समेत कई विधाओं में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया.
20 विद्यालयों के 400 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
पटना संकुल स्तरीय प्रतियोगिता में 20 जवाहर नवोदय विद्यालयों के 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया. दो दिनों तक शेखपुरा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में कला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दौर चलता रहा. प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शास्त्रीय विधाओं के साथ-साथ लोक और आधुनिक लोक नृत्य जैसी विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
नाटक में सारण रहा प्रथम
प्रतियोगिता की नाटक विधा में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय सारण के छात्रों ने प्रथम स्थान हासिल किया. मुजफ्फरपुर को दूसरा और नालंदा को तीसरा स्थान मिला. रोहतास के प्रतिभागियों ने चौथा स्थान प्राप्त किया. इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी अभिनय क्षमता और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
सामूहिक लोक नृत्य में शिवहर ने मारी बाजी
शास्त्रीय सामूहिक लोक नृत्य में जवाहर नवोदय विद्यालय शिवहर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. औरंगाबाद के विद्यालय ने दूसरा स्थान हासिल किया. इस विधा में शेखपुरा और पश्चिमी चंपारण के जवाहर नवोदय विद्यालय संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे.
एकल शास्त्रीय नृत्य में शेखपुरा की सलोनी प्रथम
एकल शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता में शेखपुरा की सलोनी कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया. उनके प्रदर्शन ने स्थानीय विद्यालय का नाम रोशन किया. कैमूर की प्रिया कुमारी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि गयाजी की सौम्या पराजित और शिवहर की अभिलाषा कुमारी संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं.
लोक नृत्य में कैमूर विद्यालय अव्वल
सामूहिक लोक नृत्य, जनजाति और आधुनिक लोक नृत्य की विधा में कैमूर जवाहर नवोदय विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. शेखपुरा के विद्यालय को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा. इस विधा में नालंदा और पश्चिमी चंपारण के जवाहर नवोदय विद्यालय संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे.
दूसरे जिलों के शिक्षक बने निर्णायक
प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रतिभागियों के चयन के लिए स्थानीय विद्यालय के शिक्षकों के साथ आसपास के जिलों के शिक्षकों को भी निर्णायक के तौर पर आमंत्रित किया गया था.
लखीसराय, छपरा, गयाजी और जहानाबाद समेत अन्य जिलों के शिक्षकों ने प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाई.
डीएम ने प्रतिभागियों का बढ़ाया हौसला
कार्यक्रम की शुरुआत मंगलवार को शेखपुरा के जिलाधिकारी शेखर आनंद ने की. उन्होंने सभी प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाते हुए विद्यार्थियों को खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को अपनी जीवनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया.
डीएम ने कला को सभ्यता और संस्कार को अक्षुण्ण बनाए रखने में महत्वपूर्ण माध्यम बताया. उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को लगातार निखारने के लिए प्रेरित किया.
दो दिनों तक बना रहा उत्सव का माहौल
प्रतियोगिता के दौरान स्थानीय जवाहर नवोदय विद्यालय में दो दिनों तक उत्सव जैसा माहौल बना रहा. अलग-अलग विद्यालयों से आए प्रतिभागियों के प्रदर्शन ने कार्यक्रम को खास बनाया. विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रतिभागियों और शिक्षकों के स्वागत के साथ उनके ठहरने और भोजन की भी व्यवस्था की गई थी. प्राचार्य विनय कुमार की देखरेख में कार्यक्रम का संचालन किया गया.
शिक्षकों का योगदान रहा सराहनीय
प्रतियोगिता की सफलता में विद्यालय के शिक्षक अमित कुमार और ममता कुमारी के योगदान को भी सराहनीय बताया गया. विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के सामूहिक प्रयास से दो दिवसीय कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. विद्यालय के प्राचार्य विनय कुमार ने प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों और सहयोग करने वाले शिक्षकों का आभार जताया.
Also Read : शेखपुरा: जीविका दीदियों के आर्थिक सशक्तीकरण पर जोर, डीएम ने योजनाओं की समीक्षा कर दिये निर्देश
