Sheikhpura News : शेखपुरा शहर के हसनगंज रेलवे गुमटी के समीप शनिवार को उस वक्त सनसनी फैल गयी, जब एक बाइक शोरूम के पीछे झाड़ियों में लावारिस हालत में नवजात शिशु मिला. बताया जा रहा है कि जन्म देने के कुछ देर बाद किसी महिला ने नवजात को झाड़ियों में छोड़ दिया और वहां से फरार हो गयी. बच्चे के रोने की आवाज सुनकर शोरूम के कर्मचारियों ने संचालक को सूचना दी. इसके बाद नवजात को झाड़ियों से निकालकर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे एसएनसीयू में भर्ती कराया गया है.
रोने की आवाज सुनकर शोरूम कर्मचारियों को हुआ शक
बताया गया कि बाइक शोरूम के पीछे झाड़ियों से नवजात के रोने की आवाज सुनाई दे रही थी. आवाज सुनकर शोरूम में काम करने वाले कर्मचारियों ने इसकी जानकारी संचालक रविरंजन कुमार को दी. सूचना मिलने के बाद रविरंजन कुमार मौके पर पहुंचे और झाड़ियों में जाकर नवजात को बाहर निकाला.
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना पुलिस को भी दी गयी. गश्ती के दौरान मौके पर पहुंचीं नगर थाना की सब इंस्पेक्टर सोनी कुमारी ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का जायजा लिया. स्थानीय लोगों की मदद से नवजात को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे एसएनसीयू में भर्ती कराया गया.
चिकित्सकों की निगरानी में नवजात का इलाज
एसएनसीयू में तैनात जीएनएम सुभद्रा कुमारी ने बताया कि नवजात की स्थिति फिलहाल बेहतर है. चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. पुलिस अधिकारी ने भी बताया कि नवजात स्वस्थ है और उसे चिकित्सीय निगरानी में रखा गया है.
जन्म के बाद झाड़ियों में छोड़ने से उठे सवाल
नवजात को जन्म के कुछ देर बाद झाड़ियों में छोड़ दिये जाने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिये हैं. जीएनएम सुभद्रा कुमारी ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जन्म देने के बाद मासूम को इस तरह झाड़ियों में छोड़ देना मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है.
पुलिस जुटी मामले की जांच में
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात को झाड़ियों में किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा. आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित माध्यमों से भी जानकारी जुटायी जा सकती है. फिलहाल नवजात का इलाज सदर अस्पताल के एसएनसीयू में जारी है.
