Shiekhpura News : शेखपुरा नगर परिषद क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार तेज हो गई है. इसी क्रम में नगर परिषद द्वारा दल्लू चौक से कटरा चौक, गोला रोड होते हुए चांदनी चौक और बीआईपी रोड तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया.
अभियान के दौरान सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया. कई दुकानदार प्रशासनिक टीम को देखते ही अपना सामान समेटकर दुकान के अंदर रखने लगे, जबकि सड़क किनारे ठेला लगाने वाले लोग अपने ठेले लेकर इधर-उधर भागते नजर आए.
यह अभियान नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विनय कुमार की अगुवाई में चलाया गया. इसमें सिटी मैनेजर राजेंद्र कुमार, विशाल कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी विवेक कुमार, टैक्स दारोगा मोहम्मद कैश सहित अन्य कर्मी शामिल थे.
रास्ता अवरुद्ध करने के मामले में 5 हजार जुर्माना
अभियान के दौरान चांदनी चौक के पास एक भवन स्वामी द्वारा बिना अनुमति कराए जा रहे बोरिंग से निकाली गई मिट्टी को फुटपाथ और नाले पर रखकर रास्ता अवरुद्ध करने के मामले में 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया. इसके अलावा अन्य अतिक्रमणकारियों से भी जुर्माना वसूला गया.
चेतावनी: आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी
अधिकारियों के अनुसार, कुल 11,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया है और 15 ठेला वेंडरों को हटाकर सब्जी मंडी में शिफ्ट कराया गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.
