Sheikhpura News : बरबीघा-शेखपुरा मुख्य रेलवे लाइन पर मंगलवार की दोपहर ट्रेन की चपेट में आने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि शव कई टुकड़ों में बंट गया. मृतक की पहचान नालंदा जिले के कतरीसराय थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव निवासी दुर्गा प्रसाद यादव के रूप में हुई है.
ससुराल में रह रहे थे, भैंस चराने गए थे खेत
जानकारी के अनुसार दुर्गा प्रसाद यादव पिछले 20 दिनों से बरबीघा नगर क्षेत्र के नारायणपुर स्थित अपने ससुराल में रह रहे थे. उनके साला संतोष यादव ने बताया कि मंगलवार की सुबह वह भैंस चराने खेत की ओर गए थे. उन्हें कम सुनाई देता था, जिससे संभवतः ट्रेन के आने की आवाज नहीं सुन सके.
हॉर्न के बावजूद नहीं हट सके पटरी से
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गंगटी रेलवे क्रॉसिंग से करीब एक किलोमीटर पूर्व दुर्गा प्रसाद यादव रेलवे पटरी के किनारे बैठे थे, जबकि भैंसें खेत में चर रही थीं. इसी दौरान बरबीघा की ओर से शेखपुरा जा रही एक विशेष ट्रेन तेज रफ्तार से पहुंची. लोको पायलट ने गंगटी क्रॉसिंग से लगातार हॉर्न बजाया, लेकिन कम सुनाई देने के कारण वह सतर्क नहीं हो सके. आसपास के किसानों ने भी उन्हें आवाज देकर हटाने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले ही ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
दुर्गा प्रसाद यादव अपने पीछे दो पुत्रों का परिवार छोड़ गए हैं. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलते ही बरबीघा थाना पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी.
