Taekwondo Player: जिले के युवा ताइक्वांडो खिलाड़ी हिमांशु कुमार ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने की उपलब्धि हासिल की है. 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद हिमांशु का चयन अंतरराष्ट्रीय ट्रायल के लिए हुआ था. छत्तीसगढ़ में 14 व 15 सितंबर को आयोजित ट्रायल में उन्होंने विद्यालय अंडर-17 बालक वर्ग के अंडर-51 किलोग्राम भार वर्ग में बिहार का प्रतिनिधित्व किया और भारतीय टीम में अपनी जगह बनाने में सफल रहे.
दो से चार दिसंबर तक ब्राजील में होगी प्रतियोगिता
हिमांशु अब आगामी दो से चार दिसंबर 2026 तक ब्राजील के रियो डी जेनिरियो में आयोजित विद्यालय अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भारत की ओर से हिस्सा लेंगे. उनके चयन की जानकारी ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ शेखपुरा के सचिव सह राष्ट्रीय कोच कुंदन कुमार ने दी. उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमांशु टॉप छह खिलाड़ियों में शामिल रहे थे. इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें अंतरराष्ट्रीय ट्रायल में हिस्सा लेने का अवसर मिला.
हथियावा कॉलेज में 11वीं कक्षा के छात्र हैं हिमांशु
मठोकर गांव निवासी अनुरुद्ध कुमार और रेणु पासवान के पुत्र हिमांशु वर्तमान में हथियावा कॉलेज, शेखपुरा में 11वीं कक्षा के छात्र हैं. उनकी प्रारंभिक शिक्षा संत कोलंबस पब्लिक स्कूल, शेखपुरा में हुई, जहां राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के बाद उन्हें मुफ्त शिक्षा भी प्रदान की गयी.
परिवार के सहयोग और कोच के मार्गदर्शन से मिली सफलता
हिमांशु की सफलता में परिवार के सहयोग के साथ कोच कुंदन कुमार के मार्गदर्शन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उनके अंतरराष्ट्रीय चयन पर जिले के खेल प्रेमियों और ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने खुशी जताते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं.
