Sheikhpura News : राज्य स्वास्थ्य समिति के निर्देश के आलोक में शेखपुरा जिले में 'जांच एवं उपचार - चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान का संचालन किया जा रहा है. अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के और करीब पहुंचाते हुए बीमारियों की समय पर पहचान, आवश्यक परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है.
अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की आशा कार्यकर्ता एवं एएनएम द्वारा घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की जा रही है. अब तक जिले में 33,956 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है.
गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग
अभियान के दौरान विशेष रूप से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, ओरल कैंसर, क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज सहित अन्य गैर-संचारी रोगों के संभावित मामलों की पहचान की जा रही है. इसके साथ ही लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है.
घर-घर पहुंच रहीं स्वास्थ्य टीमें
इस अभियान की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त करने के लिए लोगों को हर बार अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है. स्वास्थ्य विभाग की टीम स्वयं लोगों के घरों एवं समुदाय तक पहुंचकर स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता का कार्य कर रही है.
इससे विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं तथा ऐसे लोगों को काफी सुविधा मिल रही है, जो किसी कारणवश स्वास्थ्य केंद्र तक आसानी से नहीं पहुंच पाते हैं.
'जांच से उपचार तक' की सेवा
जांच के दौरान यदि किसी व्यक्ति में बीमारी के लक्षण अथवा जोखिम की पहचान होती है, तो उसे आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श, आगे की जांच एवं उपचार के लिए उचित स्वास्थ्य संस्थान से जोड़ा जा रहा है.
इस प्रकार अभियान का उद्देश्य केवल स्क्रीनिंग तक सीमित न रहकर ‘जांच से उपचार तक’ की पूरी स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करना है.
अधिकारियों की निगरानी व समन्वय
जिला गैर-संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. नौशाद आलम, अभियान के नोडल पदाधिकारी के रूप में अभियान की गतिविधियों की निगरानी एवं समन्वय कर रहे हैं. वहीं जिला एफएलसी प्रभाष पांडेय तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक दयाशंकर निधि द्वारा अभियान के सफल संचालन में आवश्यक समन्वय एवं सहयोग किया जा रहा है.
