शेखपुरा जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें दो घायलों की हालत चिंताजनक बताई गई है, जिन्हें सघन इलाज हेतु पावापुरी रेफर कर दिया गया है.
मेंहुस गांव में ई-रिक्शा की टक्कर से राहगीर घायल
सदर प्रखंड क्षेत्र के मेंहुस गांव में सड़क पार कर रहे हीरा साव को तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए. लोगों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें पावापुरी रेफर कर दिया गया.
पटेल चौक हुसैनाबाद मार्ग पर दो बाइकों की टक्कर
दूसरी घटना शेखपुरा के पटेल चौक-हुसैनाबाद सड़क पर पंसला गाँव के समीप हुई, जहाँ दो बाइकों की आमने-सामने की भीषण टक्कर में चार लोग घायल हो गए.
घायलों की पहचान और विवरण
इसमें एक बाइक पर सवार रेउता गांव निवासी पुरुषोत्तम कुमार और लक्ष्मण कुमार घायल हो गए, जबकि दूसरी बाइक पर सवार नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र के इसुआ गाँव निवासी ऋषभ कुमार अपनी चाची प्रेमलता देवी को मायके से लेकर लौट रहा था.
गंभीर घायलों को हायर सेंटर किया गया रेफर
इस हादसे में ऋषभ गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया.
Also Read : गया जी : डोभी नगर पंचायत में ईओ डॉ. विमल कुमार को श्रद्धांजलि, आरोपित चालक पर स्पीडी ट्रायल की उठी मांग
