Sheikhpura DM Meeting : डीएम शेखर आनंद की अध्यक्षता में समाहरणालय के मंथन सभागार में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर एक बैठक आयोजित की गई. इसमें जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं प्रखंडस्तरीय पदाधिकारीगण शामिल हुए.
डीएम ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम का आयोजन समाहरणालय स्थित परेड ग्राउंड में होगा, जिसमें शिक्षा विभाग की ओर से परेड में जवाहर नवोदय विद्यालय, डीएम उच्च विद्यालय तथा इस्लामियां उच्च विद्यालय के एनसीसी तथा स्काउट्स एंड गाइड के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे.
इसके साथ ही प्रतिदिन प्रैक्टिस भी कराया जाएगा और झंडा बांधने का पूर्वाभ्यास कराया जाएगा. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी पंचायतों में पंचायत सरकार भवन में मुखिया द्वारा झंडोतोलन किया जाएगा.
जिले के महादलित टोलों में झंडोतोलन टोले के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति द्वारा किया जाना है तथा जिलास्तरीय पदाधिकारी द्वारा संबंधित पंचायतों में झंडोतोलन किया जाना है.
महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई और रंग-रोगन के निर्देश
जिले में स्थापित महापुरुषों की आदमकद प्रतिमा पर सुबह में माल्यार्पण भी किया जाना है. इसके साथ ही विभिन्न प्रखंडों में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण किया जाएगा, जिसकी साफ-सफाई एवं रंग-रोगन की जिम्मेदारी संबंधित नगर कार्यपालक पदाधिकारी तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी को दी गई है.
समारोह स्थल पर सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी एसडीओ के हवाले
अनुमंडल पदाधिकारी को मुख्य समारोह स्थल एवं अन्य जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की संपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है. मुख्य समारोह स्थल पर सिविल सर्जन को एम्बुलेंस तथा फायर ब्रिगेड के एक दल को प्रतिनियुक्त कराने की जिम्मेदारी अग्निशामन पदाधिकारी को दी गई है.
बैठक में उपस्थित प्रमुख अधिकारी
इस अवसर पर अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, भू-अर्जन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, सभी वरीय उप समाहर्ता, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी-सह-जिला जन-सम्पर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी के साथ-साथ अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी आदि उपस्थित थे.
Also Read : गया जी : डोभी नगर पंचायत में ईओ डॉ. विमल कुमार को श्रद्धांजलि, आरोपित चालक पर स्पीडी ट्रायल की उठी मांग
