शेखपुरा : प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की घटना में एसडीओ की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाकपा माले ने शहर में प्रतिरोध मार्च निकाल कर आक्रोश जताया. इस दौरान एसडीओ सुबोध कुमार के विरुद्ध जम कर नारेबाजी की. हमलावर तेवर अपनाते हुए पार्टी नेताओं ने बरखास्तगी की मांग की. साथ ही साढ़े तीन साल से जमे एसडीओ द्वारा पंचायत चुनाव परिणाम को भी प्रभावित करने का अंदेशा जताते हुए तबादले की मांग की.
इससे पहले शहर के दल्लु चौक पर भाकपा माले के जिला सचिव विजय कुमार विजय, प्रखंड सचिव कमलेश कुमार मानव एवं इनौस के जिलाध्यक्ष कमलेश प्रसाद के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता एकत्रित होकर प्रतिरोध मार्च दल्लु चौक से खांड पर, कटरा चौक होते हुए अंबेदकर चौक पहुंचा. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर पेयजल संकट से जूझ रहे जिले वासियों को समस्या से निजात दिलाये जाने एवं विगत 30 अप्रैल को पेयजल के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट करने वाले एसडीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
