Sheikhpura News : शहर के टाउन हॉल में राशन कार्ड से वंचित योग्य परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया. इसकी अध्यक्षता एसडीओ प्रियंका कुमारी ने की. उन्होंने कहा कि जिले के सभी योग्य लाभुकों को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ना और नए राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाना है.
6,258 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य
एसडीओ ने बताया कि प्रशासन द्वारा जिले में 6,258 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा है कि जिले का कोई भी गरीब और योग्य परिवार राशन कार्ड के लाभ से वंचित न रहे.
एसडीओ ने पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि जिले के सभी पात्र और योग्य लाभुक जल्द से जल्द अपना आवेदन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जमा करें, ताकि समयबद्ध तरीके से आवेदनों की जांच कर नया राशन कार्ड निर्गत किया जा सके.
बीडीओ के साथ पंचायतों के प्रतिनिधि भी थे उपस्थित
बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाएं. प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं नगर कार्यपालक पदाधिकारी ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों को जांचकर भौतिक सत्यापन कराएंगे. मुखिया एवं पंचायत समिति सदस्य द्वारा गांव और वार्ड स्तर पर जरूरतमंदों की पहचान कर उन्हें ऑनलाइन आवेदन करने में मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करें.
इस समीक्षा बैठक में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ भारी संख्या में त्रिस्तरीय पंचायत के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिनमें सभी प्रखंडों के बीडीओ, सभी नगर निकायों के नगर कार्यपालक पदाधिकारी, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि शामिल थे.
बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन की इस पहल में पूर्ण सहयोग देने और लक्ष्य को जल्द से जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया.
Also Read : शेखपुरा में मकान मालिक बिना पुलिस वेरिफिकेशन के किराये पर नहीं दे सकेंगे मकान, जानें नया नियम
