शेखपुरा में 40 एएसआई बने दारोगा, एसपी हिमांशु ने पहनाया दूसरा स्टार, नई जिम्मेदारियों का दिलाया एहसास

शेखपुरा जिले में 40 सहायक उप-निरीक्षकों (ASI) को दारोगा के पद पर पदोन्नति मिली है। पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने खुद सभी को स्टार पहनाकर सम्मानित किया और उनकी नई जिम्मेदारियों से अवगत कराया।

ASI to Sub-Inspector: पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने शनिवार को एएसआई से दारोगा पद पर प्रोन्नत जिले के 40 पुलिस पदाधिकारियों को सामूहिक रूप से स्टार पहनाया. राज्य पुलिस मुख्यालय की ओर से हाल ही में करीब छह हजार एएसआई को दारोगा के पद पर प्रोन्नति दी गयी है. इसके साथ ही उन्हें नये पद के अनुरूप वेतनमान भी दिया गया है. इसी क्रम में शेखपुरा जिले के 40 एएसआई रैंक के पुलिस पदाधिकारी भी प्रोन्नत हुए हैं.

पुलिस लाइन में आयोजित हुआ विशेष समारोह

प्रोन्नति के बाद नव पदस्थापित दारोगाओं के सम्मान में शनिवार को पुलिस लाइन में विशेष समारोह आयोजित किया गया. इस दौरान पुलिस लाइन के डीएसपी मनीष कुमार, पुलिस लाइन सार्जेंट सोनू निगम सहित जिला पुलिस के कई वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे.

समारोह में एसपी हिमांशु ने सभी नव प्रोन्नत पुलिस पदाधिकारियों को उनके नये पद की जिम्मेदारियों से अवगत कराया. पहले एक स्टार वाले पदाधिकारियों को दूसरा स्टार पहनाकर उन्हें नयी जिम्मेदारियों का एहसास कराया गया.

कानून-व्यवस्था और अनुसंधान में मिलेगी मदद

एसपी हिमांशु ने नव प्रोन्नत अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए आम लोगों की सेवा के प्रति तत्पर रहने और पुलिसिंग को बेहतर बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि पुलिस बल में 40 नये दारोगाओं के शामिल होने से जिले में विधि-व्यवस्था के संधारण में तेजी आयेगी. साथ ही आपराधिक मामलों के अनुसंधान में भी पुलिस को सहायता मिलेगी.

उन्होंने कहा कि नव प्रोन्नत पदाधिकारियों के अनुभव का जिला पुलिस को लाभ मिलेगा. नये पद की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सभी अधिकारी पूरी निष्ठा के साथ काम करें.

नव प्रोन्नत अधिकारियों में दिखा उत्साह

समारोह में मौजूद सभी नव प्रोन्नत पुलिस पदाधिकारियों में खुशी और उत्साह देखा गया. पदोन्नति मिलने के बाद उन्होंने नयी जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभाने की बात कही.

तीन साल पहले भी हुई थी पुलिस पदाधिकारियों की प्रोन्नति

गौरतलब है कि राज्य पुलिस मुख्यालय की ओर से करीब तीन वर्ष पहले भी जिले में कार्यरत 100 से अधिक पुलिस पदाधिकारियों को प्रोन्नति दी गयी थी. उस दौरान एएसआई को दारोगा और दारोगा को पुलिस निरीक्षक के पद पर प्रोन्नति मिली थी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Niranjan Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >