पूर्व मंत्रियों ने शिक्षकों का जाना हाल-चाल
शेखपुरा : आठ सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन पर डटे शिक्षकों का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी रहा. अनशनकारियों से बुधवार को हिंदुस्तान आवाम मोर्चा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री महाचंद्र सिंह एवं डॉ अनिल सिंह ने मुलाकात की. नेताओं ने शिक्षकों की मांगों को देखा. नेताओं ने कहा कि राज्य के अधिकतर जिलों में नियोजित शिक्षकों को सातवें वेतन का लाभ दे दिया गया है.
लेकिन शेखपुरा में जिला शिक्षा अधिकारी डीपीओ को देर के लिए जिम्मेदार बता कर पल्ला झाड़ लेते हैं. जिले में शिक्षकों के साथ हो रहे इस सौतेला व्यवहार को लेकर हिंदुस्तान आवाम मोर्चा चुप नहीं बैठेगा. उन्होंने कहा कि अगर समय शिक्षकों की मांगों पर अमल नहीं किया गया तब पार्टी भी इन अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल देगी.
जिला शिक्षा कार्यालय के समक्ष अनशन पर बैठे शिक्षकों को संबोधित कर रहे बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश शास्त्री ने कहा कि दूसरे दिन भी जिला शिक्षा अधिकारी डॉ ताकिउद्दीन का वार्ता असफल रहा. आमरण अनशन पर बैठे शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष श्रवन कुमार, संघ के नेता मुरारी राम, उपेंद्र प्रसाद, मेहराब अंसारी, राजीव कुमार ने अपने आठ सूत्री मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का एलान किया है.
