6.35 लाख में हुई थी श्यामा सरोवर पार्क की बंदोबस्ती
सात को शेष सैरातों की होगी बंदोबस्ती
शेखपुरा : नगर पर्षद में सैरातों की बंदोबस्ती को लेकर चल रहे उठा-पटक के बीच पांचवें दिन जमानत की राशि जमा करायी गयी. कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि शहर के अहियापुर निवासी दखुनवां देवी के नाम से श्यामा सरोवर पार्क की बंदोबस्ती 6.35 लाख में की गयी है. उन्होंने बताया कि बुधवार को राशि जमा करने के बाद बंदोबस्ती की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी. इसके साथ ही आगामी सात मार्च को शेष सैरातों की बंदोबस्ती की जायेगी. उन्होंने बताया कि बंदोबस्ती के पहले दिन 23 फरवरी को शहर के बस पड़ाव समेत पार्क के लिए बोली नहीं लगायी गयी थी.
बंदोबस्ती की प्रक्रिया पर उठ रहे सवाल
नगर पर्षद के सैरातों की बंदोबस्ती प्रक्रिया को लेकर पहले भी सवाल खड़े किये जा रहे थे. इस बाबत पूर्व पार्षद मो शफीक एवं दिनेश कुमार ने कहा कि बंदोबस्ती के दौरान पहले तो जमानत राशि के नाम पर चेक लेने का प्रावधान ही नहीं है. इसके बाद नियमों की अनदेखी कर जमानत राशि जमा करने के लिए पांच दिनों का वक्त डाक बोलनेवाले को दिया गया. उन्होंने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है.
