तीज से पहले गुलजार हुआ शिवहर बाजार, लहठी, साड़ी और श्रृंगार सामग्री की बढ़ी मांग

शिवहर जिले में 14 सितंबर को हरतालिका तीज और चौरचन पूजा की तैयारियां ज़ोरों पर हैं. 13 सितंबर को नहाय-खाय की रस्म के साथ शुरू होने वाले इस पर्व के लिए बाज़ार खरीदारी से गुलजार हैं. महिलाएं तीज के लिए खास खरीदारी कर रही हैं.

Sheohar News: जिले में 14 सितंबर को हरतालिका तीज और चौरचन पूजा मनायी जाएगी. इससे एक दिन पहले 13 सितंबर को व्रतियां नहाय-खाय की रस्म अदा करेंगी. पर्व को लेकर शिवहर के बाजारों में रौनक बढ़ गयी है. साड़ी, लहठी, श्रृंगार सामग्री, गहने, फल और पूजन सामग्री की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ देखी जा रही है. कई मॉल और शोरूम की ओर से भी तीज को लेकर अलग-अलग ऑफर दिये जा रहे हैं.

तीज को लेकर साड़ी और श्रृंगार दुकानों में बढ़ी भीड़

शिवहर शहर के कपड़ा बाजार में महिलाओं के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आये खरीदार भी खरीदारी कर रहे हैं. साड़ी के साथ लहठी और पूजन सामग्री की भी खूब बिक्री हो रही है. दुकानदारों के अनुसार शिफॉन और सिल्क की साड़ियों की मांग अधिक है. लाल, गुलाबी, चंपई और कत्थई रंग की साड़ियां महिलाओं को पसंद आ रही हैं. एक हजार से तीन हजार रुपये तक की साड़ियों की बिक्री अधिक हो रही है.

250 से 1000 रुपये तक के लहठी सेट की डिमांड

गुदरी बाजार की श्रृंगार दुकानों में लहठी और कंगन सेट की मांग बढ़ गयी है. ‘हैप्पी तीज’ लिखी लहठी महिलाओं को आकर्षित कर रही है. दुकानदारों के अनुसार 250 रुपये से शुरू होने वाले लहठी सेट की अच्छी बिक्री हो रही है. वहीं, 250 से 1000 रुपये तक के कंगन सेट भी महिलाएं पसंद कर रही हैं. एक सेट में करीब 20 लहठियां होती हैं.

पायल-बिछिया से लेकर सोने के गहनों की भी खरीदारी

तीज को लेकर सर्राफा बाजार में भी छोटे गहनों की मांग बढ़ी है. पायल और बिछिया की बिक्री अधिक हो रही है. इसके अलावा सोने के कान और नाक के सेट भी महिलाएं खरीद रही हैं. पर्व को लेकर आभूषण और श्रृंगार की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी हुई है.

तीज पूजा के लिए फल और पूजन सामग्री की बढ़ी मांग

गुदरी बाजार में फलों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है. तीज व्रत में सेब और केला की मांग अधिक है. फल विक्रेताओं के अनुसार पर्व-त्योहार का सीजन शुरू होने के कारण फलों की मांग लगातार बढ़ रही है. बड़े कारोबारी बाहर से फल मंगाकर कोल्ड स्टोरेज में रख रहे हैं, जहां से खुदरा विक्रेताओं को जरूरत के अनुसार आपूर्ति की जा रही है. बांस की डलिया 50 रुपये, खीरा 100 रुपये किलो और मकई के बाल 20 रुपये प्रति पीस बिक रहे हैं.

मेहंदी और फेशियल को लेकर भी महिलाओं में उत्साह

तीज को लेकर अधिकांश महिलाएं घर पर ही मेहंदी लगाने की तैयारी कर रही हैं. वहीं, कई महिलाएं मोहल्ले के ब्यूटी पार्लर में फेशियल और पेडिक्योर भी करा रही हैं. फेशियल पर महिलाएं 500 से 1500 रुपये तक खर्च कर रही हैं. सामान्य फेशियल की कीमत करीब 200 से 1500 रुपये तक बतायी जा रही है. कई महिलाएं घर पर ही फेशियल कर रही हैं.

बांस की बनी डलिया हो रही बिक्री | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष नंदन सिंह

मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >