तरियानी अंचल के नाजिर 18 दिनों से लापता, मोबाइल बंद होने से परिजन परेशान

तरियानी अंचल कार्यालय के नाजिर संजीव स्वतंत्र पिछले 18 दिनों से लापता हैं. 25 अगस्त के बाद से उनका कोई अता-पता नहीं है और मोबाइल भी बंद है, जिससे परिजन बेहद चिंतित हैं. उनकी अनुपस्थिति से अंचल कार्यालय के महत्वपूर्ण कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं.

Sheohar News: तरियानी अंचल कार्यालय में कार्यरत नाजिर संजीव स्वतंत्र पिछले करीब 18 दिनों से लापता बताए जा रहे हैं. 25 अगस्त के बाद से वह न तो अंचल कार्यालय पहुंचे हैं और न ही अपने घर पर हैं. उनका मोबाइल फोन भी लगातार बंद बताया जा रहा है. इससे परिजन काफी परेशान हैं. अब तक उनके संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है कि वह कहां हैं और किस स्थिति में हैं.

25 अगस्त के बाद से कार्यालय और घर से हैं गायब

जानकारी के अनुसार, संजीव स्वतंत्र ने जुलाई माह में तरियानी अंचल कार्यालय में नाजिर के पद पर योगदान किया था. योगदान के बाद वह कई बार बिना सूचना के कार्यालय से अनुपस्थित रहे. लगातार अनुपस्थित रहने को लेकर अंचलाधिकारी रोहन रंजन ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था. इसके बाद कुछ समय तक उन्होंने कार्यालय आना शुरू किया, लेकिन अगस्त में फिर नियमित रूप से कार्यालय नहीं आने की शिकायत सामने आयी.

दोबारा शोकॉज के बाद रोका गया नाजिर का वेतन

लगातार अनुपस्थिति को लेकर अंचलाधिकारी की ओर से दोबारा शोकॉज जारी किया गया. इसके साथ ही उनका वेतन भी रोक दिया गया. इसी बीच 25 अगस्त के बाद से उनके अंचल कार्यालय नहीं पहुंचने की जानकारी सामने आयी. घर पर भी नहीं होने और मोबाइल बंद रहने के कारण परिजन उनकी तलाश को लेकर चिंतित हैं.

नाजिर के लापता होने से अंचल कार्यालय का काम प्रभावित

संजीव स्वतंत्र के लगातार अनुपस्थित रहने से तरियानी अंचल कार्यालय के कामकाज पर भी असर पड़ रहा है. विशेष रूप से आपदा प्रबंधन समेत नाजिर से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं. इससे कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

जिला स्तर पर दी गयी जानकारी, लिपिक की मांगी गयी तैनाती

मामले की जानकारी जिला स्तर के अधिकारियों को भी दी गयी है. अंचल कार्यालय के कार्यों को सुचारू रखने के लिए जिला स्तर से एक लिपिक की मांग की गयी है, ताकि नाजिर की अनुपस्थिति में जरूरी कार्यालयी कार्य प्रभावित नहीं हों. कार्यालय की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था की कोशिश की जा रही है.

पहले पिपराही अंचल में नाजिर के पद पर थे कार्यरत

बताया जाता है कि संजीव स्वतंत्र इससे पहले शिवहर जिले के ही पिपराही अंचल में नाजिर के पद पर कार्यरत थे. सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से वह पारिवारिक परेशानियों से भी जूझ रहे थे. हालांकि, उनके लापता होने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. फिलहाल परिजन उनकी तलाश और सकुशल वापसी को लेकर चिंतित हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Madhurendra kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >