Sheohar News: श्रावणी मेला के अवसर पर सावन की पहली सोमवारी को पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने जिले के ऐतिहासिक बाबा भुवनेश्वर नाथ देकुली धाम महादेव मंदिर का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था का जायजा लिया. एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
सुरक्षा व्यवस्था की एसपी ने की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान एसपी शैलेंद्र सिंह ने मंदिर परिसर में सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधिकारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया.
भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर दिया जोर
एसपी ने श्रावणी मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए.
पुलिसकर्मियों को दिए आवश्यक निर्देश
एसपी ने प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा श्रद्धालुओं की सहायता के लिए तत्पर रहने का निर्देश दिया.
कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान यातायात डीएसपी भाई भरत कुमार, साइबर डीएसपी इशानी सिन्हा समेत पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे. अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही.
यह भी पढ़ें:शिवहर में पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा, डीएम ने बैंकों को तीन दिन में लोन स्वीकृत करने का निर्देश दिया
