Sheohar News: शिवहर में प्रशासन का बड़ा एक्शन, एनएच से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए 60 दिनों का अल्टीमेटम

Sheohar News:शिवहर में डीएम और एसपी की बैठक में एनएच से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए 60 दिनों का अल्टीमेटम दिया गया है. सड़क सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी दल का भी गठन किया गया है.

Sheohar News: शिवहर जिले में राष्ट्रीय राजमार्गों (NH) को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है. समाहरणालय के कार्यालय कक्ष में बुधवार को जिलाधिकारी (डीएम) प्रतिभा रानी और पुलिस अधीक्षक (एसपी) शुभांक मिश्रा की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में सड़क सुरक्षा, अवैध अतिक्रमण और अवैध पार्किंग नियंत्रण को लेकर कई कड़े फैसले लिए गए.

60 दिनों में हटेंगी सभी अवैध संरचनाएं

सर्वोच्च न्यायालय और परिवहन विभाग के कड़े दिशा-निर्देशों के आलोक में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है. डीएम प्रतिभा रानी ने राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे स्थित सभी प्रकार के अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों को हटाने के लिए 60 दिनों का अल्टीमेटम दिया है. उन्होंने निर्देश दिया है कि अगले दो महीनों के भीतर इन सभी अवैध संरचनाओं को हटा लिया जाए या प्रशासन द्वारा उन्हें ध्वस्त कर दिया जाएगा.

निगरानी के लिए विशेष हाईवे टास्क फोर्स का गठन

सड़क सुरक्षा की प्रभावी मॉनिटरिंग और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए एक “संयुक्त समर्पित राजमार्ग निगरानी दल” (ज्वाइंट डेडिकेटेड हाईवे मॉनिटरिंग टीम) का गठन किया गया है. यह विशेष टीम राष्ट्रीय राजमार्गों का नियमित निरीक्षण करेगी और अतिक्रमण व सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी. इसके साथ ही, इस टास्क फोर्स के कार्यों की प्रगति की समीक्षा हर पखवाड़े (15 दिनों में) वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जाएगी.

अवैध पार्किंग और सुरक्षा मानकों पर जीरो टॉलरेंस

प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग और यातायात सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इसके लिए ‘जीरोटॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है और नियम तोड़ने वालों पर भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस महत्वपूर्ण बैठक में एडीएम मेधावी, यातायात डीएसपी भाई भरत कुमार और डीटीओ अनुराग कुमार रवि समेत परिवहन और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे. प्रशासन के इस कड़े कदम से शिवहर में एनएच पर लगने वाले जाम से मुक्ति मिलने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >