Sheohar News: शिवहर जिले में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. पटना से मुजफ्फरपुर होते हुए शिवहर आ रही ‘अंबिका ट्रेवल्स’ की एक बस दोपहर करीब 3 बजे सुंदरपुर पुल के पास अनियंत्रित हो गई और लगभग 10 फीट गहरे गड्ढे में जा पलटी. हादसे के वक्त बस में 10 से 12 यात्री सवार थे. राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी अप्रिय घटना या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं.
गीली मिट्टी और बिजली का खंभा बना हादसे का कारण
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, मुजफ्फरपुर की ओर से आ रही इस बस (रजिस्ट्रेशन नंबर BR 06 PE 1836) ने पुल पार करने के बाद साइड लेने का प्रयास किया था. हाल ही में हुई बारिश के कारण सड़क के किनारे की मिट्टी काफी गीली और धंसने वाली हो गई थी, जिससे बस का बायां चक्का उसमें फंस गया. ड्राइवर रमेश राय ने गाड़ी को वापस दाईं ओर काटने की कोशिश की, लेकिन बस का वजन अधिक होने के कारण वह असंतुलित हो गई. इसके बाद बस सीधे एक बिजली के खंभे से टकराते हुए नीचे गड्ढे में गिर गई.
शीशा तोड़कर बाहर निकले यात्री, पुलिस जांच में जुटी
गनीमत यह रही कि बारिश की वजह से उस समय इलाके की बिजली कटी हुई थी, अन्यथा बिजली के खंभे से टकराने के कारण कोई बड़ा हादसा हो सकता था. बस पलटने के तुरंत बाद मुसाफिरों ने सूझबूझ दिखाई और गाड़ी का अगला शीशा (विंडशील्ड) तोड़कर सुरक्षित बाहर निकल आए. हालांकि, कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं. स्थानीय लोगों ने तुरंत आपातकालीन सेवा 112 और शिवहर नगर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है. यह बस रोजाना सुबह 10 बजे पटना से खुलकर मुजफ्फरपुर-शिवहर होते हुए बैरगनिया तक जाती है.
