शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट
Sheohar News: शिवहर जिले में शुक्रवार की सुबह मौसम ने अचानक ऐसा रुख बदला कि लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिल गई. सुबह करीब साढ़े नौ बजे आसमान में घने काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई. गरज और चमक के बीच हुई बारिश ने पूरे इलाके के मौसम को सुहावना बना दिया. पिछले कई दिनों से गर्मी से परेशान लोग बारिश के बाद राहत महसूस करते नजर आए.
बारिश के बाद बदला मौसम का मिजाज
सुबह हुई बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया. जहां कुछ घंटे पहले तक लोग पसीने और उमस से परेशान थे, वहीं बारिश के बाद मौसम काफी ठंडा हो गया. लोग घरों से बाहर निकलकर ठंडी हवा का आनंद लेते दिखे. सड़कों और बाजारों में भी मौसम की ताजगी साफ महसूस की गई. हालांकि तेज गर्जन और बिजली चमकने के कारण कुछ देर तक लोग सतर्क भी रहे.
किसानों के लिए राहत बनी बारिश
बारिश का असर ग्रामीण इलाकों में भी देखने को मिला. किसानों ने इस बारिश को खेती के लिए फायदेमंद बताया. उनका कहना है कि लगातार तेज धूप के कारण खेतों की मिट्टी सूखने लगी थी, लेकिन बारिश से खेतों में नमी लौट आई है. इससे खरीफ फसलों की तैयारी में मदद मिलेगी और खेती का काम आसान होगा.
लोगों ने ली राहत की सांस
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से बढ़ती गर्मी के कारण दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो गया था. उमस की वजह से जनजीवन प्रभावित हो रहा था. शुक्रवार सुबह हुई बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया. लोगों ने इसे गर्मी से बड़ी राहत बताया और मौसम का जमकर आनंद लिया.
