शिवहर से मधुरेंद्र सिंह की रिपोर्ट
Sheohar News: शिवहर जिले की तरियानी छपरा थाना पुलिस ने मानवीय संवेदना और तत्परता का परिचय देते हुए एक मानसिक रूप से विक्षिप्त बच्ची को सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया है. पुलिस की इस पहल से बच्ची के परिवार में खुशी का माहौल है और स्थानीय लोग पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा कर रहे हैं.
भटकती मिली बच्ची, पुलिस ने दी राहत
जानकारी के अनुसार, तरियानी थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि एक मानसिक रूप से अस्वस्थ बच्ची क्षेत्र में भटक रही है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को अपने संरक्षण में ले लिया. बच्ची इतनी असहज थी कि वह अपने घर का पता बताने में असमर्थ थी. पुलिसकर्मियों ने पहले उसे भोजन कराया और आवश्यक सहायता देकर उसका विश्वास जीता.
सोशल मीडिया और सत्यापन से हुई पहचान
बच्ची की पहचान के लिए पुलिस ने धैर्य के साथ उससे बातचीत की और जुटाई गई जानकारी को आसपास के थानों व सोशल मीडिया समूहों में साझा किया. लगातार प्रयासों और कड़ियों को जोड़ने के बाद बच्ची की पहचान तरियानी थाना क्षेत्र के ही सलेमपुर गांव निवासी जलंधर भगत की पुत्री सरिता कुमारी के रूप में की गई.
परिजनों ने जताया पुलिस का आभार
सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने सरिता को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया. अपनी खोई हुई बेटी को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों की आंखों में आंसू आ गए और उन्होंने पुलिस की संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस ने केवल ड्यूटी ही नहीं निभाई, बल्कि मानवता की एक बेहतरीन मिसाल पेश की है.
