शिवहर: ईदगाहों में अदा हुई बकरीद की नमाज, प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद

Sheohar News: तरियानी प्रखंड में बकरीद का पर्व भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया गया. ईदगाहों में नमाज अदा कर लोगों ने अमन-चैन की दुआ मांगी. प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा और विभिन्न इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई. पढे़ं पूरी खबर…

शिवहर के तरियानी से मधुरेंद्र कुमार की रिपोर्ट

Sheohar News: तरियानी प्रखंड समेत आसपास के कई गांवों और पंचायतों में बकरीद का पर्व रविवार को पूरे उत्साह, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया. सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी. मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बकरीद की नमाज अदा कर देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और खुशियां साझा कीं.

कई पंचायतों में दिखा बकरीद का उत्साह

तरियानी प्रखंड के सरवरपुर, सुमहुती, बैजनाथपुर, फतेहपुर, पोझिया, हिरम्मा, खुरपट्टी, पहाड़पुर, विशंभरपुर और वृंदावन समेत कई पंचायतों में पर्व को लेकर खास रौनक देखने को मिली. सुबह से ही लोग नए कपड़े पहनकर ईदगाहों और मस्जिदों की ओर जाते नजर आए. बच्चों और युवाओं में भी खास उत्साह दिखा.

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा अलर्ट

बकरीद को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. सभी प्रमुख ईदगाहों और संवेदनशील इलाकों में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई थी. प्रशासन की ओर से पहले ही फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई थी.

लगातार गश्त करते रहे पुलिस अधिकारी

तरियानी थानाध्यक्ष विनय प्रसाद, हिरम्मा थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार और तरियानी छपरा थानाध्यक्ष रंजीत कुमार गुप्ता अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे. अधिकारियों ने लोगों से सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की. बकरीद के मौके पर बेलहिया पंचायत के पूर्व मुखिया सह मुखिया प्रतिनिधि नीरज कुमार पप्पू ने सभी लोगों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे और शांति बनाए रखने की अपील की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >