Sheohar News: शिवहर जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. जिला राजमार्ग सड़क सुरक्षा टास्क फोर्स की ओर से शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 227 (NH-227) का सघन और संयुक्त निरीक्षण किया गया. इस विशेष अभियान में यातायात पुलिस उपाधीक्षक, मोटरयान निरीक्षक (MVI) और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अभियंताओं की टीम ने शामिल होकर सड़क सुरक्षा मानकों की विस्तृत समीक्षा की.
ब्लैक स्पॉट्स होंगे ठीक, रिफ्लेक्टर और रंबल स्ट्रिप्स लगाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान टास्क फोर्स ने मुख्य रूप से उन ‘ब्लैक स्पॉट्स’ (दुर्घटना संभावित क्षेत्रों) को चिन्हित किया, जहां पूर्व में अधिक हादसे हुए हैं. टीम ने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन खतरनाक मोड़ों और चौराहों पर तुरंत रिफ्लेक्टर, कैट-आई और रंबल स्ट्रिप्स लगाए जाएं. इसके साथ ही तीव्र मोड़ों, गति सीमा और स्कूल या अस्पताल वाले संवेदनशील क्षेत्रों के पास साफ दिखने वाले साइनबोर्ड लगाने को कहा गया है. कुछ जगहों पर जलजमाव और जर्जर सड़क को भी अविलंब मरम्मत करने का आदेश दिया गया.
अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर एक्शन, 34 हजार रुपये का काटा चालान
राजमार्ग के किनारे और मुख्य बाजारों में लगने वाले जाम से निपटने के लिए भी सख्त कदम उठाए गए. फतेहपुर, जीरो माइल और बस स्टैंड के पास अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण और अनधिकृत पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 34000 रुपये का चालान काटा गया. संयुक्त टीम ने आम जनता से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, हेलमेट व सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें. टास्क फोर्स ने चेतावनी दी है कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियम तोड़ने वालों पर कानूनी कार्रवाई होगी.
