शिवहर से मकसूद आलम की रिपोर्ट
Sheohar News: शिवहर जिले के पिपराही थाना क्षेत्र अंतर्गत देकुली धाम और धनकोल बांध के बीच मुख्य सड़क पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. यहाँ एक तेज रफ्तार डीजे (DJ) वाहन और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
स्थानीय लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर जमा हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को लहूलुहान हालत में सड़क से उठाया और इलाज के लिए तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर काफी दूर तक खून फैल गया.
एक घायल की हालत नाजुक, एसकेएमसीएच रेफर
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि दोनों घायलों में से एक की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है. सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच (SKMCH) मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया है. दूसरे घायल का इलाज फिलहाल सदर अस्पताल में ही चल रहा है. अभी घायलों की आधिकारिक पहचान होना बाकी है.
मौके पर पहुंची 112 की टीम, जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार डीजे वाहन चालक की तलाश जारी है.
