शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट
Sheohar News: शिवहर में पंचायत विकास योजनाओं और सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. सोमवार को समाहरणालय में आयोजित समीक्षा बैठक में एडीएम मेधावी ने पंचायत राज विभाग की योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया, वहीं हरनाही पंचायत में सरकारी सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई भी की गई.
भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश
समाहरणालय के संवाद कक्ष में हुई बैठक में एडीएम ने विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की. इस दौरान सामने आया कि अंबा उत्तरी, अंबा दक्षिणी और विसम्भरपुर पंचायत में पंचायत सरकार भवन निर्माण के लिए अब तक भूमि उपलब्ध नहीं हो सकी है. इस पर एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को जल्द भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
15 पंचायतों में पूरा हुआ निर्माण कार्य
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले की अन्य पंचायतों में स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन और भवन प्रमंडल के माध्यम से निर्माण कार्य जारी है. इनमें से 15 पंचायतों में पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य पूरी तरह पूरा हो चुका है. अधिकारियों को शेष कार्यों को भी समय सीमा के भीतर पूरा कराने का निर्देश दिया गया.
53 पंचायतों में लगीं 7,810 सोलर स्ट्रीट लाइट
मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत शिवहर जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है. जिले की सभी 53 ग्राम पंचायतों में कुल 7,810 सोलर स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं. प्रशासन ने इसे ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.
हरनाही पंचायत में हटाया गया अतिक्रमण
उधर, सदर प्रखंड के हरनाही पंचायत के वार्ड संख्या-4 में सरकारी सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई. सदर अंचल अधिकारी पल्लवी ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस बल की मौजूदगी में अमीन द्वारा नापी कर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया गया. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
