शिवहर: नई रेल लाइन का निर्माण तेज, बागमती नदी के डुब्बा घाट पर बन रहा पुल

Sheohar News: नई रेल लाइन परियोजना से शिवहर जिला आर्थिक रूप से मजबूत होगा. जिला प्रशासन की ओर से अब तक 57 फीसदी यानी 99 करोड़ से अधिक की मुआवजा राशि रैयतों के खाते में भेज दी गई है और निर्माण कार्य तेजी पर है. जानिए पूरी खबर…

शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट

Sheohar News: शिवहर से सीतामढ़ी जिला तक प्रस्तावित नई रेलवे लाइन से क्षेत्र का विकास तेजी से आगे बढ़ेगा. इस रेल नेटवर्किंग से आने वाले समय में न केवल माल परिवहन की सुविधाओं में इजाफा होगा, बल्कि स्थानीय लोगों को देश-दुनिया की यात्रा के लिए नए विकल्प मिलेंगे. डीएम प्रतिभा रानी के प्रयास से भू-अर्जन के लाभार्थियों के बीच लगातार शिविर आयोजित कर पारदर्शिता के साथ अब तक लगभग 57% मुआवजा बांटा जा चुका है. इसके तहत 99 करोड़ 14 लाख 79 हजार 835 रुपये की राशि वितरित की गई है.

तेजी से चल रहा है स्टेशन और पुल का निर्माण 

विभागीय निर्देश के आलोक में पिपराही प्रखंड के धनकौल से शिवहर नगर परिषद क्षेत्र के बभनटोली स्थित प्रस्तावित रेलवे स्टेशन तक का निर्माण कार्य काफी तेजी से चल रहा है. निर्माण एजेंसी दुर्गा कृष्ण स्टोर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा डुब्बा घाट के पास बागमती नदी पर रेलवे पुल निर्माण के लिए फाउंडेशन का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है. इस रेल लाइन से कृषि उत्पादों की ढुलाई सुगम होगी और देकुली धर्मपुर जैसे धार्मिक स्थलों में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.

28 किलोमीटर रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण 

परियोजना के तहत शिवहर जिला में 28 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन के लिए कुल 184.61617 एकड़ जमीन का भू-अर्जन किया जा रहा है. इसमें पिपराही अंचल के धनकौल, देकुली धर्मपुर, मीनापुर बलहां, परसौनी बैज और शिवहर अंचल के रसीदपुर व शिवहर ग्राम की जमीन शामिल है.

99 करोड़ रुपये रैयतों के खाते में भेजे गए 

जिला भू-अर्जन विभाग के अनुसार कुल मुआवजा राशि का 57% सीधे रैयतों के बैंक खाते में भेज दिया गया है. इसमें धनकौल के रैयतों को 6.65 करोड़, देकुली धर्मपुर में 20.33 करोड़, मीनापुर बलहां में 3.42 करोड़, परसौनी बैज में 17.90 करोड़, रसीदपुर में 10.90 करोड़ और शिवहर में 39.91 करोड़ रुपये स्थानांतरित किए जा चुके हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >