Sheohar News: शिवहर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन उत्साह और जागरूकता के माहौल में शुरू हुआ. जिला व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया. लोक अदालत में बड़ी संख्या में लोग अपने लंबित मामलों के निपटारे के लिए पहुंचे.
दीप प्रज्वलित कर हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दीपक कुमार, जिलाधिकारी प्रतिभा रानी, फैमिली जज, एसडीपीओ सुशील कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ललन कुमार रजक और जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष अवध किशोर सिंह ने संयुक्त रूप से किया. इस दौरान कई न्यायिक पदाधिकारी और अधिवक्ता भी मौजूद रहे.
ट्रैफिक चालान मामलों के लिए बनी दो विशेष बेंच
लोक अदालत में ट्रैफिक चालान मामलों के निबटारे के लिए दो अलग बेंच बनाई गई हैं. जिला जज और डीएम ने फीता काटकर इन बेंचों का उद्घाटन किया. अधिकारियों ने बताया कि इससे लोगों को त्वरित राहत मिलेगी और पुराने मामलों का जल्द निष्पादन हो सकेगा.
“लोक अदालत में हार-जीत नहीं, समझौते पर जोर”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला जज दीपक कुमार ने कहा कि लोक अदालत का मकसद आपसी सहमति से विवाद खत्म करना है. यहां हार-जीत नहीं होती, बल्कि समझौते के जरिए समय, पैसा और रिश्ते तीनों बचते हैं.
लंबित मामलों के निपटारे की अपील
जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने कहा कि लोक अदालत सस्ता और त्वरित न्याय देने का प्रभावी माध्यम है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे चेक बाउंस, पारिवारिक विवाद, बैंक रिकवरी और ट्रैफिक चालान जैसे मामलों को लेकर लोक अदालत पहुंचे और इसका लाभ उठाएं.
10 हजार से अधिक मामलों की सुनवाई
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ललन कुमार रजक ने बताया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 10,152 मामलों को रखा गया है. कार्यक्रम में विभिन्न बैंकों के अधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी अनुराग कुमार रवि, एलडीएम रविशंकर प्रसाद समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.
शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट
