शिवहर: नगर सभापति का बड़ा कदम, लू और डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए लगवाए वाटर बूथ

Sheohar News: नगर परिषद ने भीषण गर्मी को देखते हुए शहर के प्रमुख चौराहों और बस स्टैंड पर शीतल पेयजल की व्यवस्था की है. नगर सभापति की इस पहल से राहगीरों, मजदूरों और स्थानीय दुकानदारों को लू से बड़ी राहत मिल रही है. पढ़ें पूरी खबर…

Sheohar News: लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच शिवहर नगर परिषद ने आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सराहनीय पहल की है. नगर सभापति राजन नंदन सिंह के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, बस स्टैंड, जीरो माइल चौक और सब्जी मंडी जैसे व्यस्ततम स्थानों पर राहगीरों व यात्रियों के लिए स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था शुरू की गई है. नगर प्रशासन द्वारा लगाए गए प्याऊ केंद्रों पर लोगों को ठंडा और साफ पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे तपती धूप में लोगों को काफी राहत मिल रही है.

लू और डिहाइड्रेशन से बचाव की कोशिश, कर्मियों को निर्देश

नगर सभापति राजन नंदन सिंह ने बताया कि बढ़ते तापमान और लू के कारण डिहाइड्रेशन एवं हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में शहर से गुजरने वाले दुकानदारों, रिक्शा चालकों, मजदूरों और आम नागरिकों को शुद्ध पेयजल आसानी से उपलब्ध कराना मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है. सभापति ने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया है कि प्याऊ केंद्रों पर नियमित सफाई के साथ ठंडे पानी की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जरूरत के अनुसार अन्य स्थानों पर भी अतिरिक्त प्याऊ केंद्र स्थापित किए जाएंगे.

स्थानीय लोगों और बुद्धिजीवियों ने की जमकर सराहना

नगर परिषद की इस पहल की स्थानीय लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों ने जमकर सराहना की है. लोगों का कहना है कि गर्मी के इस मौसम में प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है. नगर परिषद ने समय रहते यह व्यवस्था कर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है.

शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >