शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट
Sheohar News: प्रेम संबंध को लेकर शुरू हुई रंजिश ने शिवहर में एक युवक की जान ले ली. श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जांच में सामने आया है कि एक महिला को लेकर दो युवकों के बीच चल रहे विवाद ने खूनी रूप ले लिया था. पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है.
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, 28 मई को पहाड़पुर गांव में विशाल कुमार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कई अहम सुराग जुटाए. जांच में पता चला कि विशाल कुमार और प्रिंस कुमार के बीच एक महिला को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था.
कहासुनी के बाद हुआ खूनी हमला
पुलिस की जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन दोनों युवकों के बीच फिर से बहस शुरू हुई. बताया जा रहा है कि आरोपी प्रिंस कुमार नशे की हालत में था. विवाद बढ़ने पर उसने आपा खो दिया और चाकू से विशाल कुमार पर कई वार कर दिए. गंभीर चोट लगने से विशाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी घटना के बाद फरार हो गया.
पुलिस ने आरोपी को दबोचा
हत्या के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी. छापेमारी और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने प्रिंस कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है.
एसपी ने दी जानकारी
शिवहर एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
