शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट
Sheohar News: बिहार सरकार के लघु जल संसाधन विभाग के सचिव चंद्रशेखर सिंह ने सोमवार को शिवहर का दौरा किया. उन्होंने डीएम प्रतिभा रानी और एसपी शुभांक मिश्रा के साथ पिपराही प्रखंड में बागमती नदी के बेलवा घाट पर निर्माणाधीन डैम का विस्तृत निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान सचिव ने स्पष्ट किया कि बांध की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को हर समय अलर्ट रहने का निर्देश दिया.
लिंक चैनल, टू-लेन सड़क और लैंड बैंक की योजना
सचिव चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के विजन के अनुसार बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल का निर्माण कराया जाएगा, जो बागमती की पुरानी धार को बूढ़ी गंडक से जोड़ेगा. इसके साथ ही तटबंधों पर टू-लेन सड़क बनाने की योजना है, जिसके लिए रिपोर्ट मांगी गई है. पूर्वी चंपारण से शिवहर तक इसके लिए पर्याप्त जमीन उपलब्ध है. उन्होंने कहा कि सड़क के किनारे कम उपयोग वाली जमीनों को चिन्हित कर ‘लैंड बैंक’ बनाया जाएगा, जहां उद्योग (इंडस्ट्री) स्थापित किए जाएंगे ताकि ग्रामीण स्तर पर ही लोगों को रोजगार मिल सके.
बाढ़ पूर्व तैयारियों और सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश
आगामी बाढ़ की संभावनाओं को देखते हुए सचिव ने अधिकारियों को पूर्व तैयारी दुरुस्त रखने को कहा. उन्होंने पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न, पॉलीथिन शीट और दवाओं की अग्रिम व्यवस्था करने के निर्देश दिए. राहत कार्यों के लिए नावों की सूची तैयार करने, सुरक्षित आश्रय स्थलों पर बिजली, पानी और शौचालय का प्रबंध करने को कहा गया. संवेदनशील स्थानों पर बालू की बोरियां, जियो बैग्स और क्रेट का भंडारण सुनिश्चित करने तथा बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित कर चौबीसों घंटे जलस्तर की निगरानी करने का सख्त निर्देश दिया गया है. इस मौके पर कार्यपालक अभियंता शाहीद कमाल सहित कई आला अधिकारी मौजूद रहे.
