शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट
Sheohar News: शिवहर जिले में बकरीद का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के माहौल में मनाया गया. इसी कड़ी में गड़हिया गांव स्थित कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मो. असद के आवास पर गुरुवार को बकरीद मिलन समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी. पूरे समारोह के दौरान सामाजिक एकता और भाईचारगी की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली.
समारोह में पहुंचे लोगों ने मिठाइयां और पकवानों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं. अलग-अलग समुदायों के लोगों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और खास बना दिया. लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में प्रेम और आपसी विश्वास को मजबूत करते हैं.
भाईचारे और एकता का दिया संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मो. असद ने कहा कि बकरीद सिर्फ एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि त्याग, बलिदान और इंसानियत का संदेश देने वाला त्योहार है. उन्होंने कहा कि समाज में आपसी प्रेम और सद्भाव बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी धर्मों और समुदायों का सम्मान करते हुए सामाजिक एकजुटता को मजबूत करना चाहिए. उन्होंने कहा कि आज के समय में भाईचारे और शांति का संदेश सबसे ज्यादा जरूरी है.
बड़ी संख्या में पहुंचे लोग
बकरीद मिलन समारोह में पूर्व जिला पार्षद सदस्य मोहम्मद इजहार उल हक, मोहम्मद अंजर अजहरी, मोहम्मद अमजद, मोहम्मद अदनान, मोहम्मद रेहान, मोहम्मद सद्दाम हुसैन, मोहम्मद नूर हुसैन, सर्वजीत कुमार यादव, भोला साह और विजय कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे. सभी ने मिलकर सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब का संदेश दिया.
