शिवहर क्राइम: जिला मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दक्षिण हरनाही गांव में 20 अगस्त की देर रात अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया. चोरी की जानकारी 21 अगस्त की दोपहर घर लौटने पर हुई. इसके बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. घटना के बाद गांव के लोगों में दहशत का माहौल है.
परिवार के पटना जाते ही खाली हुआ घर
पीड़ित गृहस्वामी विनोद शर्मा उर्फ हरिजी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला सह कार्यवाह रह चुके हैं. वर्तमान में वह शिवहर स्थित अपने आवास पर रहते हैं. उनका पुत्र हिमांशु कुमार सुंदरपुर चौक पर प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र चलाते हैं और परिवार के साथ हरनाही स्थित घर पर रहते हैं.
बताया गया कि घटना की रात हिमांशु कुमार अपने परिवार के साथ पटना गए थे. घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया.
छत के रास्ते घर में घुसे चोर
परिजनों के अनुसार, चोर सामने के ग्रिल में लटका ताला देखकर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए. इसके बाद कमरों में रखे तीन गोदरेज और डोर ट्रंक के ताले ब्लेड से काट दिए. चोरों ने घर में रखे सामान को खंगाला और कीमती जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए.
21 अगस्त को दोपहर करीब घर खोलने पर परिजनों को कमरों के ताले टूटे और सामान बिखरा मिला. इसके बाद डायल-112 को घटना की सूचना दी गयी.
एक करोड़ के जेवर चोरी होने का दावा
पीड़ित परिवार के अनुसार, घर में उनकी मां, पत्नी और पतोहू के सोने-चांदी के जेवर रखे थे, जो चोरी हो गए. पुत्र हिमांशु कुमार ने बताया कि चोरी हुए स्वर्णाभूषणों की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है. इसके अलावा 15 हजार रुपये नकद भी गायब हैं.
हालांकि, चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन पुलिस जांच और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर किया जाएगा.
फोरेंसिक टीम ने जुटाये साक्ष्य
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाये हैं. पुलिस घर में प्रवेश करने के तरीके और आसपास के संभावित संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
नगर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है. चोरी की इस बड़ी वारदात के बाद ग्रामीणों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है.
यह भी पढ़ें:
शिवहर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 48 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा
