Sheohar News: तिब्बत क्षेत्र में बैरियर झील/बांध टूटने की गंभीर सूचना के बाद नेपाल के रास्ते गंडक नदी बेसिन में भारी मात्रा में पानी आने की आशंका को देखते हुए शिवहर जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है. हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल जिले में बागमती नदी का जलस्तर सामान्य है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है.
अचानक बाढ़ की आशंका, 24 घंटे निगरानी
जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी अहमर अब्दाली ने जिलाधिकारी प्रतिभा रानी के हवाले से बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार पटना के निर्देश के बाद जिला आपदा प्रबंधन शाखा को अलर्ट कर दिया गया है. किसी भी समय अचानक बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है.
बागमती प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता की रिपोर्ट के अनुसार वर्तमान में बागमती नदी का जलस्तर सामान्य है. इसके बावजूद संभावित खतरे को देखते हुए नदी के जलस्तर और जिले के सभी तटबंधों की स्थिति पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है.
प्रशासन ने कहा, घबराने की जरूरत नहीं
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि संभावित बाढ़ की सूचना को लेकर घबराएं नहीं. प्रशासन की ओर से सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं.
अधिकारियों का कहना है कि आपदा की स्थिति में बेहतर तैयारी के जरिए नुकसान को कम किया जा सकता है. इसी उद्देश्य से संबंधित विभागों को आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया गया है.
अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं एवं अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. लोगों से कहा गया है कि बाढ़ या जलस्तर से संबंधित किसी भी सूचना के लिए केवल जिला प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक बुलेटिन पर ही भरोसा करें.
यदि जलस्तर में अचानक वृद्धि होती है और सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को राहत शिविर या अन्य सुरक्षित स्थानों पर जाने की आवश्यकता पड़ती है, तो प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गयी है.
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
किसी भी आपात स्थिति, खतरे की सूचना या सहायता के लिए जिला आपातकालीन संचालन केंद्र से संपर्क किया जा सकता है.
06222-257060 06222-257061
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आपात स्थिति में इन नंबरों पर तत्काल सूचना दें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें.
यह भी पढ़ें
दरभंगा-जयनगर समेत कई ट्रेनों के मार्ग और ठहराव में बदलाव, यात्रा से पहले जानें पूरी जानकारी
