10 हजार की मदद से शुरू करें अपना काम! शिवहर की महिलाओं को मिला रोजगार और ऋण का सहारा

शिवहर में 'समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार' अभियान के तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास तेज हो गया है. 3700 महिलाओं को 10 हजार रुपये की पहली किस्त जारी की गई है, जिससे वे अपना रोजगार शुरू कर सकेंगी. इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ने में मदद मिलेगी.

Sheohar News: महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को शिवहर में ‘समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार’ अभियान का शुभारंभ हुआ. पटना के बापू सभागार से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की शुरुआत की. शिवहर समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में डीएम प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में आयोजित सीधा प्रसारण कार्यक्रम में जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में जीविका दीदियां शामिल हुईं. इस दौरान महिलाओं के लिए चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं, ऋण सुविधा और नए बुनियादी ढांचे के विकास पर जानकारी दी गयी.

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

डीएम प्रतिभा रानी ने बताया कि अभियान के तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि नए बुनियादी ढांचे के निर्माण से जीविका दीदियों को अपने कार्यों को आगे बढ़ाने में बेहतर सुविधा मिलेगी.

उन्होंने बताया कि शिवहर जिले में वर्तमान में कुल पांच जीविका भवन हैं. इनमें से दो जीविका भवन संबंधित समूहों को सौंपे जा चुके हैं.

जीविका भवन में चल रही सिलाई गतिविधियां

डीएम ने बताया कि समूहों को सौंपे गये जीविका भवनों में जीविका दीदियों द्वारा सिलाई से संबंधित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं. इससे महिलाओं को अपने हुनर को रोजगार से जोड़ने का अवसर मिल रहा है.

उन्होंने कहा कि पंचायती राज और वीबी-जी राम जी के सहयोग से जिले में सामुदायिक पुस्तकालय, सिलाई केंद्र और सीएलएफ भवन स्थापित करने की भी बेहतर संभावनाएं हैं.

3700 महिलाओं को मिली 10 हजार की पहली किस्त

‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत शिवहर जिले की बड़ी संख्या में महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से आर्थिक सहायता दी गयी है.

डीएम के अनुसार जिले की 3700 महिलाओं को पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये प्रति लाभुक की राशि अंतरित की गयी है. वहीं, 969 महिलाओं को दूसरी किस्त के रूप में 20 हजार रुपये प्रति लाभुक की राशि दी गयी है.

121 जीविका दीदियों को मिला 10-10 हजार का ऋण

कार्यक्रम के दौरान जीविका निधि से शिवहर जिले की 121 जीविका दीदियों को 10 हजार रुपये प्रति लाभुक की दर से ऋण वितरित किया गया. इस ऋण से महिलाएं अपनी आजीविका से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ा सकेंगी.

अधिकारियों ने बताया कि संस्थागत ऋण की सुविधा मिलने से ग्रामीण महिलाओं को अपने छोटे व्यवसाय और स्वरोजगार के लिए आर्थिक मदद उपलब्ध होगी.

साहूकारों के महंगे कर्ज से मिलेगी राहत

डीएम ने बताया कि बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड यानी जीविका निधि बिहार सरकार की विशेष सहकारी बैंकिंग प्रणाली है. इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की जीविका दीदियों और स्वयं सहायता समूहों को साहूकारों तथा निजी माइक्रोफाइनेंस कंपनियों के ऊंचे ब्याज से बचाना है.

जीविका निधि के माध्यम से महिलाओं को संस्थागत, सस्ता और आसान ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गयी है. इससे महिलाएं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाकर परिवार की आय में योगदान दे सकेंगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष नंदन सिंह

मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >