Sheohar News: शिवहर जिले के सरोजा सीताराम सदर अस्पताल में बुधवार को नव-निर्मित पांच शय्या (बेड) वाले आधुनिक आईसीयू एवं वेंटिलेटरयुक्त गहन चिकित्सा इकाई का शुभारंभ किया गया. बिहार के विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के तहत आयोजित कार्यक्रम का ऑनलाइन उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया. इसके बाद जिला स्तर पर आयोजित समारोह में डीएम प्रतिभा रानी ने भाग लेकर इसे जिलेवासियों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सौगात बताया.
आधुनिक ICU से गंभीर मरीजों को मिलेगा लाभ
सदर अस्पताल में पांच बेड वाले आधुनिक आईसीयू और वेंटिलेटर सुविधा शुरू होने से अब गंभीर एवं आपातकालीन स्थिति वाले मरीजों को बेहतर और त्वरित इलाज स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगा. इससे इलाज के लिए अन्य जिलों में रेफर होने की आवश्यकता भी काफी हद तक कम होगी.
फीता काटकर किया गया उद्घाटन
जिला स्तरीय कार्यक्रम में 20 सूत्री उपाध्यक्ष सह जदयू जिलाध्यक्ष कमलेश पांडे ने फीता काटकर आईसीयू का विधिवत उद्घाटन किया. कार्यक्रम में डीएम प्रतिभा रानी ने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए चिकित्सा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया.
स्वास्थ्य अवसंरचना को मिलेगा मजबूती
जिला प्रशासन के अनुसार, नई गहन चिकित्सा इकाई शुरू होने से शिवहर जिले की स्वास्थ्य अवसंरचना और अधिक सुदृढ़ होगी. आधुनिक उपकरणों और वेंटिलेटर सुविधा से गंभीर मरीजों के उपचार में तेजी आएगी और स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा उपलब्ध होगी.
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर परिषद सभापति राजन नंदन सिंह, प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. आरके सिंह, चिकित्सा पदाधिकारी, चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे. सभी ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया.
