शिवहर में पेंशनर भवन का रास्ता साफ! नगर परिषद खर्च करेगी 14.99 लाख, दशहरा पर भूमि पूजन

शिवहर में पेंशनर समाज के लिए 14.99 लाख की लागत से भवन निर्माण की घोषणा हुई है. नगर परिषद जल्द ही भवन निर्माण में बाधक रास्ता खाली कराएगा. दशहरा पर भूमि पूजन के साथ निर्माण प्रक्रिया शुरू होगी.

Sheohar News: शिवहर. बिहार पेंशनर समाज जिला शाखा शिवहर की मासिक आवश्यक बैठक मंगलवार को सचिव राम पदार्थ सिंह के आवास पर सभापति सुरेंद्र झा की अध्यक्षता में हुई. बैठक में मुख्य अतिथि शिवहर नगर परिषद के सभापति राजन नंदन सिंह का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया. इस दौरान पेंशनर समाज के सदस्यता अभियान, आगामी 12 सितंबर को पटना में होने वाली राज्य स्तरीय बैठक और पेंशनर भवन निर्माण से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा हुई.

पेंशनर समाज का सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय

बैठक में पेंशनर समाज को और मजबूत बनाने के लिए सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया. सदस्यों ने अधिक से अधिक पेंशनरों को संगठन से जोड़ने और समाज की गतिविधियों को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने पर चर्चा की.

इसके साथ ही 12 सितंबर को पटना में होने वाली राज्य पेंशनर समाज की बैठक में शिवहर जिले से जुड़े मुद्दों को रखने की तैयारी पर भी विचार किया गया.

पेंशनर भवन निर्माण में रास्ते की समस्या बनी बाधा

बैठक में जिले में पेंशनर समाज के लिए प्रस्तावित भवन निर्माण में आ रही दिक्कतों को नगर सभापति के समक्ष रखा गया. इस पर राजन नंदन सिंह ने कहा कि प्रस्तावित स्थल तक जाने वाले रास्ते में कुछ छोटे झोपड़ीनुमा मकान बने हुए हैं, जिसके कारण निर्माण कार्य में परेशानी आ रही है.

नगर सभापति ने कहा कि 15 अक्टूबर के बाद करीब एक से डेढ़ महीने के भीतर रास्ता खाली कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि वहां रहने वाले ज्यादातर लोगों को आवास योजना का लाभ मिल चुका है और उनके पास अपनी जमीन भी उपलब्ध है.

14 लाख 99 हजार रुपये से बनेगा पेंशनर भवन

नगर सभापति राजन नंदन सिंह ने बैठक में घोषणा की कि शिवहर नगर परिषद की ओर से पेंशनर समाज की 10 धूर जमीन पर विभागीय राशि से भवन का निर्माण कराया जाएगा. इसके लिए करीब 14 लाख 99 हजार रुपये खर्च किये जाएंगे.

उन्होंने कहा कि भवन निर्माण से पेंशनर समाज को अपनी गतिविधियों के संचालन के लिए स्थायी स्थान मिल सकेगा.

जमीन के कागजात मिलते ही शुरू होगी मापी

नगर सभापति ने पेंशनर समाज के सदस्यों से कहा कि यदि भवन निर्माण के लिए जमीन के कागजात जल्द उपलब्ध हो जाते हैं, तो नगर परिषद के अमीन से भूमि की मापी करायी जाएगी. इसके बाद भवन निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

उन्होंने निर्माण से जुड़ी प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कराने का आश्वासन भी दिया.

दशहरा के दिन होगा भूमि पूजन

राजन नंदन सिंह ने कहा कि भवन निर्माण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवरात्रि के दौरान दशहरा के दिन भूमि पूजन कराया जाएगा. इस घोषणा के बाद पेंशनर समाज के सदस्यों ने नगर सभापति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की.

बैठक में राम अनुप राय, रामश्रेष्ठ सिंह, हरेंद्र राय, सुरेश ठाकुर, भुवनेश्वर पांडे, नागेश्वर सिंह, विश्वनाथ सिंह, ज्योति नारायण सिंह, सुरेंद्र प्रताप सिंह, मोहम्मद नजीर अहमद, राम एकवाल सिंह, शिवजी राय, श्यामचंद्र प्रसाद, सच्चिदानंद पांडे, राज करण सिंह, रघुनाथ राम, मुद्रिका प्रसाद सिंह, धरीक्षण पंडित, रामजन्म तिवारी सहित पेंशनर समाज के कई सदस्य मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के तीन कॉलेजों में सीट से अधिक नामांकन, नोटिस जारी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष नंदन सिंह

मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >