Sheohar News: समाहरणालय के संवाद कक्ष में शनिवार को बिहार सरकार के सेवा, संकल्प, समर्पण के 100 दिन पूरे होने पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी प्रतिभा रानी और पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने की.
इस दौरान पटना में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे अधिकारियों और आम लोगों ने देखा.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित अन्य नेताओं का संबोधन सुना
लाइव प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित राज्य सरकार के मंत्रियों और विधानमंडल के सदस्यों के संबोधन का प्रसारण किया गया.
कार्यक्रम में जिले के वरीय अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिक भी शामिल हुए और सरकार की योजनाओं एवं विकास संबंधी विजन की जानकारी प्राप्त की.
डीएम ने पेश किया जिले का रिपोर्ट कार्ड
कार्यक्रम के दौरान डीएम प्रतिभा रानी ने शिवहर जिले का 'रिपोर्ट कार्ड बुकलेट' प्रस्तुत किया.
इस बुकलेट में पिछले 100 दिनों के दौरान जिले के विभिन्न सरकारी विभागों और कार्यालयों द्वारा किए गए विकास कार्यों, उपलब्धियों और योजनाओं के क्रियान्वयन का विस्तृत विवरण साझा किया गया.
भूमिहीनों को बांटे गए बंदोबस्ती पर्चे
कार्यक्रम के अंत में जिला राजस्व कार्यालय की ओर से जिले के विभिन्न अंचलों के भूमिहीन परिवारों के बीच बंदोबस्ती पर्चों का वितरण किया गया.
प्रशासन ने इसे सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया.
कई अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में बीस सूत्री उपाध्यक्ष कमलेश पांडे, अपर समाहर्ता (एडीएम) मेधावी सहित जिले के कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे. जिला प्रशासन ने कहा कि आम नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे.
