शिवहर में सड़क सुरक्षा पर बड़ा फैसला, ब्लैक स्पॉट सुधरेंगे, बिना हेलमेट और ट्रिपल लोडिंग पर होगी सख्त कार्रवाई

शिवहर में सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. डीएम के आदेशानुसार, दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुधार, अतिक्रमण हटाओ अभियान और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Sheohar News: समाहरणालय के कार्यालय कक्ष में सोमवार को डीएम प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.

डीएम ने संबंधित विभागों को तय समय में कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

दुर्घटना संभावित स्थानों पर होंगे सुधार

बैठक में डीएम ने पुलिस और पथ निर्माण विभाग को जिले के प्रमुख मार्गों पर दुर्घटना संभावित स्थानों (ब्लैक स्पॉट्स) की पहचान कर वहां तत्काल सुधारात्मक कार्य शुरू करने का निर्देश दिया.

उन्होंने तीव्र मोड़ों पर रिफ्लेक्टर, जेब्रा क्रॉसिंग, गति सीमा बोर्ड और अन्य आवश्यक संकेतक लगाने के भी निर्देश दिए.

अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर चलेगा अभियान

शहर और प्रमुख बाजारों में जाम की समस्या को देखते हुए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को नियमित अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने के लिए कहा गया.

साथ ही अनाधिकृत पार्किंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूलने का निर्देश दिया गया.

हेलमेट, सीट बेल्ट और ओवरलोडिंग पर सख्ती

डीएम ने जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) और स्थानीय पुलिस को संयुक्त रूप से सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया.

उन्होंने दोपहिया वाहनों पर बिना हेलमेट, ट्रिपल लोडिंग, चारपहिया वाहनों में बिना सीट बेल्ट, व्यावसायिक वाहनों में ओवरलोडिंग और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा.

स्कूलों में चलेगा जागरूकता अभियान

सड़क सुरक्षा को लेकर शिक्षा विभाग को सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया.

इसके अलावा राज्य राजमार्गों (एसएच) और उनके किनारे स्थित पंचायतों में भी विशेष जागरूकता शिविर आयोजित करने को कहा गया.

गोल्डन आवर में इलाज की व्यवस्था पर जोर

दुर्घटना के बाद गोल्डन आवर में घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया.

डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा, ताकि हादसों में घायलों को समय पर उपचार मिल सके.

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में निवर्तमान एसडीएम अविनाश कुणाल, डीटीओ अनुराग कुमार रवि, यातायात डीएसपी भाई भरत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manish kumar sing

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >