Sheohar Janata Darbar: शिवहर समाहरणालय में शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी प्रतिभा रानी के सामने रखीं. सुनवाई के दौरान सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद, राजस्व और जमाबंदी से जुड़ी सामने आईं.
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
जमीन और राजस्व से जुड़े मामलों की रही भरमार
जनता दरबार में फरियादियों ने भूमि विवाद, जमीन की नापी, जमाबंदी में नाम जोड़ने, रैयती जमीन पर कब्जा और जमीन दखल जैसे मामलों से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराईं.
इन मामलों पर डीएम ने एक-एक कर शिकायतकर्ताओं की बातें सुनीं और संबंधित विभागों से रिपोर्ट लेकर शीघ्र कार्रवाई करने को कहा.
दो दर्जन से अधिक शिकायतों की हुई सुनवाई
जनता दरबार के दौरान दो दर्जन से अधिक शिकायतें सूचीबद्ध की गईं.
डीएम प्रतिभा रानी ने फरियादियों को आश्वस्त किया कि सभी मामलों का नियमानुसार और प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन कराया जाएगा, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके.
अधिकारी भी रहे मौजूद
जनता दरबार के दौरान विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी भी मौजूद रहे. उन्होंने शिकायतों से जुड़े मामलों की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने का भरोसा दिया.
जिला प्रशासन का कहना है कि जनता दरबार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान सीधे प्रशासनिक स्तर पर सुनिश्चित करना और लंबित मामलों के निपटारे में तेजी लाना है.
