बालसुंदर नहर बनी तो शिवहर को मिल सकती है नई पहचान, सड़क, जलनिकासी और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

शिवहर के सामाजिक कार्यकर्ता देवव्रत नन्दन सिंह ने जिला पदाधिकारी से बालसुंदर नहर के सौंदर्यीकरण और अतिक्रमण हटाने की मांग की है. इस परियोजना से जल प्रवाह सुचारू होगा, जलजमाव से राहत मिलेगी और सड़क व हरित क्षेत्र का विकास होगा.

Sheohar Balsundar Canal: जिले के सामाजिक कार्यकर्ता एवं राजलक्ष्मी ग्रुप के निदेशक देवव्रत नन्दन सिंह उर्फ सोनू बाबू ने जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी से शहर से गुजरने वाली बालसुंदर नहर की उड़ाही, अतिक्रमण हटाने और सौंदर्यीकरण की दिशा में पहल करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि इस परियोजना को अमल में लाया जाता है तो यह शिवहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है.

बागमती की पुरानी धारा से जुड़ी है नहर

देवव्रत नन्दन सिंह ने बताया कि बालसुंदर नहर बागमती नदी की पुरानी धारा से जुड़ी हुई है. यह नहर रेजमा, बभनटोली, खैरवा, फतेहपुर, चिकनौता, सुंदरपुर और खरौना तक फैली हुई है.

उन्होंने प्रस्ताव दिया कि नहर की उड़ाही कर दोनों किनारों से अतिक्रमण हटाया जाए और वहां सड़क व सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाए.

परियोजना से होंगे तीन बड़े फायदे

सामाजिक कार्यकर्ता के अनुसार इस योजना के क्रियान्वयन से कई महत्वपूर्ण लाभ मिल सकते हैं.

  • जल प्रवाह होगा सुचारु: नहर की सफाई और अतिक्रमण हटने से पानी का प्रवाह बेहतर होगा.
  • जलजमाव से मिलेगी राहत: शहर की जलनिकासी व्यवस्था मजबूत होने से बरसात के दौरान जलभराव की समस्या कम हो सकती है.
  • सड़क और हरित क्षेत्र का विकास: नहर के किनारे सड़क, हरित पट्टी और पैदल पथ विकसित होने से लोगों को सुबह-शाम टहलने की सुविधा मिलेगी और यह क्षेत्र पर्यटन आकर्षण के रूप में भी विकसित हो सकता है.

डीएम से कराया स्थल निरीक्षण का आग्रह

देवव्रत नन्दन सिंह ने कहा कि जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी के नेतृत्व में जिले में कई विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं. उन्होंने डीएम से आग्रह किया कि संबंधित विभागों से इस प्रस्ताव की जांच कराई जाए और स्थल निरीक्षण कराया जाए.

उनका कहना है कि यदि योजना व्यवहारिक पाई जाती है तो इसके क्रियान्वयन से शिवहर नगर परिषद क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और शहर के बुनियादी ढांचे में उल्लेखनीय सुधार होगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manish kumar sing

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >