PG के लिए अब दूसरे जिले जाने की मजबूरी होगी खत्म? शिवहर कॉलेज ने विश्वविद्यालय से मांगी मंजूरी

शिवहर राजकीय डिग्री महाविद्यालय ने छात्रों की उच्च शिक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है. कॉलेज के प्राचार्य ने बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय को पत्र लिखकर स्नातकोत्तर (PG) की पढ़ाई शुरू करने का अनुरोध किया है. यह कदम जिले के आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है.

Sheohar News: शिवहर. जिले में उच्च शिक्षा के विस्तार और विद्यार्थियों को अपने गृह जिले में ही स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई उपलब्ध कराने की दिशा में शिवहर राजकीय डिग्री महाविद्यालय ने पहल की है. महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार ने बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर के कुलसचिव को पत्र भेजकर कॉलेज में स्नातकोत्तर यानी PG स्तर की पढ़ाई शुरू कराने के लिए आवश्यक अनुशंसा और कार्रवाई का अनुरोध किया है.

शिवहर में PG शुरू कराने की मांग

प्राचार्य ने पत्र में कहा है कि शिवहर राजकीय डिग्री महाविद्यालय जिला मुख्यालय में स्थित एकमात्र अंगीभूत महाविद्यालय है. फिलहाल यहां स्नातक स्तर की पढ़ाई संचालित हो रही है, लेकिन स्नातकोत्तर स्तर की शिक्षा की सुविधा उपलब्ध नहीं है.

इस कारण शिवहर और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को PG की पढ़ाई के लिए मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, मोतिहारी या अन्य जिलों में जाना पड़ता है.

आर्थिक परेशानी के कारण पढ़ाई छोड़ने की मजबूरी

प्राचार्य ने बताया कि ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के कई विद्यार्थियों के लिए दूसरे जिले में जाकर पढ़ाई करना आसान नहीं होता. दूरी, आवागमन का खर्च और रहने की अतिरिक्त लागत के कारण कई विद्यार्थी उच्च शिक्षा बीच में ही छोड़ने को मजबूर हो जाते हैं.

ऐसे विद्यार्थियों के लिए शिवहर में ही PG की पढ़ाई शुरू होना बड़ी राहत साबित हो सकता है.

कॉलेज में आधारभूत संरचना उपलब्ध

प्राचार्य के पत्र के अनुसार महाविद्यालय में भूमि, भवन, कक्षाओं सहित आवश्यक शैक्षणिक आधारभूत संरचना उपलब्ध है. जरूरत के अनुसार इसे और मजबूत करने की भी पर्याप्त संभावनाएं हैं.

महाविद्यालय प्रशासन का मानना है कि उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं के आधार पर स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है.

कई विषयों में नियमित शिक्षक पदस्थापित

कॉलेज में राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, गणित, मनोविज्ञान, दर्शनशास्त्र, अंग्रेजी, समाजशास्त्र और हिंदी समेत विभिन्न विषयों में नियमित शिक्षक पदस्थापित हैं. इससे PG स्तर की पढ़ाई शुरू करने के लिए शैक्षणिक संसाधन विकसित करने का आधार मौजूद होने की बात कही गयी है.

प्राचार्य ने विश्वविद्यालय प्रशासन से विद्यार्थियों और जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया है.

सकल नामांकन अनुपात बढ़ाने में मिलेगी मदद

महाविद्यालय में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू होने से शिवहर जिले के विद्यार्थियों को अपने गृह जिले में ही उच्च शिक्षा का अवसर मिल सकेगा. इससे विद्यार्थियों को बाहर जाने की परेशानी कम होगी और उच्च शिक्षा तक उनकी पहुंच बढ़ने की उम्मीद है.

प्राचार्य ने कहा है कि PG शिक्षा की सुविधा शुरू होने से क्षेत्र में उच्च शिक्षा के समग्र विकास के साथ सकल नामांकन अनुपात बढ़ाने की दिशा में भी सकारात्मक योगदान मिलेगा.

यह भी पढ़ें: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के तीन कॉलेजों में सीट से अधिक नामांकन, नोटिस जारी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष नंदन सिंह

मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >