Sheohar News: जिला मुख्यालय स्थित प्रोजेक्ट बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को साइबर जागरूकता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से डिजिटल साक्षरता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता डीएम प्रतिभा रानी ने की.
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को डिजिटल दुनिया की चुनौतियों से परिचित कराना और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के प्रति जागरूक बनाना था.
सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की दी जानकारी
डीएम प्रतिभा रानी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बढ़ते साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
उन्होंने सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग और अन्य डिजिटल खतरों से बचने के व्यावहारिक उपाय बताए. साथ ही छात्राओं से तकनीक का जिम्मेदारी और समझदारी के साथ उपयोग करने की अपील की.
साइबर सुरक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश
कार्यक्रम के दौरान डीएम प्रतिभा रानी और साइबर डीएसपी इशानी सिन्हा ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया.
दोनों अधिकारियों ने छात्राओं को अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया.
छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने जिला प्रशासन की पहल की सराहना की. छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और साइबर सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी प्राप्त की.
इस अवसर पर डीईओ दुर्गा प्रसाद यादव, विद्यालय के प्राचार्य दीपक सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं.
